सीहोर। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने गुरुवार को राजधानी भोपाल प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश शासन के वरिष्ठ मंत्री विश्वास सारंग के निज निवास पहुंचकर उनसे सौजन्य भेंट की। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान नपा अध्यक्ष श्री राठौर ने मंत्री श्री सारंग को पुष्पगुच्छ भेंट कर दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई प्रेषित कीं।
मुलाकात के दौरान मंत्री विश्वास सारंग ने भी प्रिंस विकास राठौर का स्वागत किया और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए अपना स्नेह एवं आशीर्वाद प्रदान किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक सौहार्दपूर्ण माहौल में चर्चा हुई। नपा अध्यक्ष श्री राठौर ने मंत्री श्री सारंग से विभिन्न जनहितैषी मुद्दों और संगठन के कार्यों को लेकर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
प्रिंस विकास राठौर ने बताया कि मंत्री विश्वास सारंग का स्नेह और मार्गदर्शन सदैव नई ऊर्जा प्रदान करता है। दीपावली के शुभ अवसर पर हुई इस मुलाकात के दौरान सीहोर शहर के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर भी संवाद हुआ।


