ट्विशा केस: सीहोर में भी जज रहीं हैं गिरिबाला सिंह…

31 sehore photo 04

सीहोर। राजधानी भोपाल में साउथ फिल्मों की पूर्व एक्ट्रेस और नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की संदेहास्पद मौत का मामला अब बेहद गरमा गया है। इस हाई-प्रोफाइल मामले की मुख्य आरोपी और मृतका की सास, रिटायर्ड जिला जज गिरिबाला सिंह को सीबीआई ने 7 घंटे की कड़ी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। विशेष अदालत ने रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और उनके वकील बेटे समर्थ सिंह को 5-5 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। बता दें गिरिबाला सिंह अपने शुरुआती दौर में सीहोर में भी जज रहीं हैं।
सीहोर के वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुसार बहू को प्रताडि़त करने और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में फंसी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह का सीहोर जिले से पुराना नाता रहा है। वे सीहोर में करीब 25 साल पहले सिविल जज के रूप में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। बताया जाता है कि यह उनके न्यायिक करियर की दूसरी पोस्टिंग थी। उस दौर में सीहोर की जिला अदालत कलेक्ट्रेट के पीछे वर्तमान भोपाल नाका रोड नहीं, बल्कि नगर पालिका कार्यालय के पास संचालित हुआ करती थी। उसी पुरानी अदालत में गिरिबाला सिंह न्याय की कुर्सी पर बैठकर फैसले सुनाया करती थीं, लेकिन आज नियति का चक्र ऐसा घूमा है कि वे खुद संगीन आरोपों में उलझी हुईं हैं।
12 मई से शुरू हुआ विवाद, सीबीआई तक पहुंची जांच
बता दें यह पूरा मामला 12 मई की रात को शुरू हुआ था, जब भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में ट्विशा शर्मा का शव फांसी पर लटका मिला था। इसके बाद मृतका के परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर लापरवाही और आरोपियों को संरक्षण देने के गंभीर आरोप लगाए। परिजनों की मांग और मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने इसकी सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। 25 मई को सीबीआई ने सास गिरिबाला और पति समर्थ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की और 26 मई को उनके भोपाल स्थित आवास पर दबिश देकर नए सिरे से जांच शुरू कर दी।
दिल्ली एम्स ने किया दोबारा पोस्टमार्टम
इससे पहले 15 मई को भोपाल जिला कोर्ट ने पूर्व जज गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी थी, जिस पर मृतका के परिजनों ने भारी विरोध जताया था और शव लेने से इनकार करते हुए सीएम हाउस के बाहर धरना दिया था। मामले में नया मोड़ तब आया जब जबलपुर हाई कोर्ट ने पति समर्थ के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी किया और बाद में मध्य प्रदेश सरकार व दिल्ली एम्स की टीम की मौजूदगी में शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वत: संज्ञान लिया है। दबाव बढ़ता देख हाई कोर्ट ने 27 मई को रिटायर्ड जज की अग्रिम जमानत रद्द कर दी, जिसके बाद 28 मई को सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
शादी के महज 5 महीने बाद दर्दनाक अंत
मूल रूप से नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा ने मॉडलिंग और चार तेलुगु फिल्मों में बतौर एक्ट्रेस काम किया था। बाद में उसने एमबीए किया और वर्क फ्रॉम होम जॉब करने लगी। इसी दौरान एक डेटिंग ऐप के जरिए उसकी मुलाकात भोपाल कोर्ट में वकालत करने वाले समर्थ शर्मा (गिरिबाला सिंह के बेटे) से हुई थी। 12 दिसंबर 2025 को दोनों की लव मैरिज हुई थी, लेकिन शादी के महज 5 महीने के भीतर ही इस प्रेम कहानी का बेहद दर्दनाक अंत हो गया। फिलहाल सीबीआई दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे इस मौत के पीछे के कई और राज बाहर आने की उम्मीद है।