कल 40 मिनिट के लिए भैरुंदा आ रहे ‘मामा शिवराज’

shivraj ji 03

सीहोर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान कल शनिवार को एक संक्षिप्त दौरे पर अपने गृह क्षेत्र भैरुंदा पहुंच रहे हैं। विशेष बात यह है कि श्री चौहान का यह दौरा मात्र 40 मिनट का होगा, जो मुख्य रूप से उनके पर्यावरण प्रेम और प्रतिदिन एक पौधा लगाने के संकल्प को समर्पित है।
देश के कृषि मंत्री की व्यस्तताओं के बीच भी श्री चौहान ने अपने पांच साल पुराने संकल्प को नहीं तोड़ा है। जारी कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 10 बजे भैरुंदा पहुंचेंगे और 10.40 बजे तक यहां रुकेंगे। इन 40 मिनटों के दौरान वे न केवल पौधरोपण करेंगे, बल्कि स्थानीय कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता से भेंट भी करेंगे। इतने कम समय के प्रवास में भी वे जनता से सीधा संवाद कर क्षेत्र की नब्ज टटोलेंगे।
ये रहेगा मिनट.टू.मिनट कार्यक्रम
सुबह 8.00 बजे: भोपाल स्थित 74 बंगला निवास से सडक़ मार्ग द्वारा रवानगी।
सुबह 10.00 बजे: भैरुंदा आगमन और स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत।
सुबह 10.00-10.40 बजे: पौधरोपण, संकल्प पूर्ति और संक्षिप्त जनसंवाद।
सुबह 10.45 बजे: वापस भोपाल के लिए प्रस्थान।
दोपहर 12.45 बजे: पुन: भोपाल निवास पर वापसी।
पांच साल से अटूट है पौधरोपण का नियम
उल्लेखनीय है कि शिवराज सिंह चौहान चाहे दिल्ली में हों या प्रदेश के किसी सुदूर अंचल में वे प्रतिदिन एक पौधा अवश्य लगाते हैं। भैरुंदा का यह दौरा इसी अटूट संकल्प की एक कड़ी है। उनके 40 मिनट के इस छोटे दौरा कार्यक्रम को लेकर स्थानीय प्रशासन और समर्थकों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।