राठौर के विशेष प्रयासों से सीहोर में आकार ले रहा ‘मिनी मेहंदीपुर बालाजी धाम’

27 sehore photo 04

सीहोर। शहर के मुख्य बस स्टैंड पर स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर अब एक नए और भव्य स्वरूप में श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। राजस्थान के मेहंदीपुर बालाजी की तर्ज पर निर्मित इस दिव्य मंदिर के निर्माण में हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राठौर की मुख्य भूमिका रही है। उनकी सक्रियता और अटूट भक्ति के प्रयासों से ही यह करोड़ों की लागत वाला भव्य मंदिर आज साकार हो सका है।
मंदिर परिसर में आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने वाले प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पोस्टर का विमोचन किया गया। इस अवसर पर यज्ञ संचालक पंडित दुर्गाप्रसाद कटारे बाबा, समिति अध्यक्ष रुद्रप्रकाश राठौर, पुजारी अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
रुद्रप्रकाश राठौर बने निर्माण के सूत्रधार
बस स्टैंड स्थित इस प्राचीन और प्रसिद्ध हनुमान मंदिर को एक भव्य स्वरूप देने का संकल्प रुद्रप्रकाश राठौर ने लिया था। उनके नेतृत्व में समिति और क्षेत्रवासियों के सहयोग से करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से इस मंदिर का कायाकल्प किया गया है। मंदिर का निर्माण राजस्थान के विशेष पत्थरों से कराया गया है, जो इसकी भव्यता में चार चांद लगा रहे हैं। श्री राठौर ने बताया कि यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र होगा, बल्कि वास्तुकला की दृष्टि से भी शहर की पहचान बनेगा।
मेहंदीपुर बालाजी जैसा अनुभव
इस मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित मेहंदीपुर बालाजी की तर्ज पर हनुमान जी की दिव्य प्रतिमा है। भक्तों की मान्यता है कि यहां दर्शन मात्र से संकटों का नाश होता है। नव निर्मित मंदिर में केवल हनुमान जी ही नहीं, बल्कि भगवान राम दरबार, शिव नंदी और सप्तऋषियों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। इन सभी प्रतिमाओं को विशेष रूप से राजस्थान के कुशल शिल्पकारों द्वारा तैयार करवाया गया है।
19 अप्रैल से शुरू होगा उत्सव
समिति के अध्यक्ष श्री राठौर ने जानकारी दी कि 19 अप्रैल को प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस महोत्सव को यादगार बनाने के लिए देश भर के प्रसिद्ध संतों को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव के दौरान भव्य यज्ञ, दिव्य अनुष्ठान और भंडारे का आयोजन होगा। अब सभी भक्तों को इंतजार है 19 अप्रैल का, जब इस नवनिर्मित सिद्ध हनुमान मंदिर के द्वार भव्यता के साथ आम जन के लिए खुलेंगे।