#Sehore सीहोर। प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा (16 सितंबर) के सीहोर दौरे को लेकर प्रशासनिक हलकों में अजीब सी बेचैनी है। मंत्रीजी का यह दौरा किसी बड़ी जनकल्याणकारी योजना के लोकार्पण या कानून-व्यवस्था की समीक्षा के लिए नहीं, बल्कि एक तेरहवीं कार्यक्रम और भाजपा नेता के नए होटल के फीते काटने के लिए हो रहा है। इस दौरे को लेकर संयुक्त कलेक्टर ने जिले के 12 प्रमुख विभागों के आला अफसरों को बाकायदा लिखित पत्र भेजकर आगाह कर दिया है।
जारी आधिकारिक दौरा कार्यक्रम के मुताबिक प्रदेश सरकार के राजस्व मंत्री व जिले इछावर विधानसभा विधायक करण सिंह वर्मा सुबह 10.30 बजे भोपाल के बी-5, चार इमली स्थित अपने निवास से रवाना होंगे। सुबह 11.30 बजे ग्राम खामलिया पहुंचकर वे स्व. रामप्रसाद मेवाड़ा के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी शोक संवेदनाएं जताएंगे। जबकि दोपहर 12 बजे खामलिया से निकलकर दोपहर 12.30 बजे सैकड़ाखेड़ी पहुंचेंगे, जहां भाजपा मंडल अध्यक्ष के नए होटल का भव्य शुभारंभ होना है।
निजी दौरा, फिर भी अलर्ट पर 12 विभागों के अफसर
आमतौर पर मंत्रियों के निजी या सामाजिक दौरों में चुनिंदा प्रशासनिक प्रोटोकॉल ही सक्रिय होता है, लेकिन सीहोर में नजारा कुछ अलग है। संयुक्त कलेक्टर द्वारा जारी इस शासकीय पत्र ने अफसरों के हाथ-पांव फुला दिए हैं। पत्र के जरिए जिले भर के छोटे-बड़े 12 विभागों के अधिकारियों को मंत्रीजी की आवभगत, सुरक्षा और व्यवस्था का जिम्मा सौंप दिया गया है।
इन अधिकारियों को सौंपी ड्यूटी
पुलिस एवं सुरक्षा महकमा: पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, रक्षित निरीक्षक पुलिस लाइन और कोतवाली वायरलेस प्रभारी।
प्रशासनिक अमला: जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर, जिले के 5 एसडीएम (सीहोर, आष्टा, इछावर, भैरुंदा, बुदनी) और 9 तहसीलदार (सीहोर, आष्टा, इछावर, जावर, श्यामपुर, भैरुंदा, बुदनी, रेहटी, दोराहा)।
स्वास्थ्य एवं अन्य विभाग: मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री (सीहोर-बुदनी), सहायक संचालक जनसंपर्क और स्टेनो टू कलेक्टर-अपर कलेक्टर।


