#Sehore सीहोर। बिलकिसगंज थाना पुलिस ने ग्राम सोहनखेड़ा में दो माह पूर्व हुई लाखों की चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों ने चोरी की कुल राशि में से ढाई लाख रुपये महज दो महीने में ही ऐश ओ आराम में उड़ा दिए। पुलिस ने आरोपियों के पास से 1.02 लाख रुपये नगद और चांदी के आभूषण सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का माल बरामद किया है। दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सोहनखेड़ा निवासी गीता बाई राठौर ने 8 अगस्त को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पीडि़ता ने बताया कि 1 और 2 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने उनके घर में घुसकर किचन में रखे 3 लाख 50 हजार रुपये नगद, तीन जोड़ी चांदी की पायल और एक चांदी का झूमर चुरा लिया था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
कड़ाई से पूछताछ में उगला सच
एसपी सोनाक्षी सक्सेना, एएसपी प्रशांत चौबे और एसडीओपी पूजा शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक संदीप सिंह मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से दो संदिग्ध हेमंत मीणा उर्फ गोलू और राहुल मीणा निवासी ग्राम कनेरिया इछावर को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान दोनों के बयानों में विरोधाभास आया। पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
दो माह में उड़ाए ढाई लाख, बाकी माल जब्त
पूछताछ में यह बात सामने आई कि आरोपियों ने चोरी किए गए 3.50 लाख रुपये में से करीब ढाई लाख रुपये पिछले दो महीनों में खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शेष संपत्ति बरामद कर ली है, जिसमें शामिल हैं नगद राशि 1 लाख 02 हजार रुपये, चांदी के आभूषण 3 जोड़ी पायल एवं 1 झूमर कीमत लगभग 48 हजार रुपए। कुल बरामदगी 1 लाख 50 हजार रुपए।


