सीहोर में फिर शुरू होगा ओवरनाइट एक्सप्रेस का ठहराव

06 sehore photo 05

Sehore News: सीहोर। रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही मांग को आखिरकार मंजूरी मिल गई है। इंदौर-जबलपुर ओवरनाइट एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 22191/22192 अब एक बार फिर सीहोर रेलवे स्टेशन पर रुकेगी। कोरोना काल में इस ट्रेन का स्टॉपेज बंद कर दिया गया था, जिसके बाद यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था।
शहरवासियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए भोपाल सांसद आलोक शर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर ट्रेन के पुन: ठहराव की मांग की थी। सांसद ने अपने पत्र में उल्लेख किया था कि हजारों यात्री इस ट्रेन का नियमित उपयोग करते हैं और स्टॉपेज बंद होने से उन्हें अन्य स्टेशनों तक अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ रही है।
रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी
सांसद की मांग पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ओवरनाइट एक्सप्रेस के सीहोर स्टेशन पर पुन: ठहराव को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस निर्णय से सीहोर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी बड़ी राहत मिलेगी। अब इंदौर, भोपाल और जबलपुर की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को फायदा
ट्रेन के ठहराव बहाल होने से छात्रों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों और इलाज के लिए यात्रा करने वाले मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा। यात्रियों का समय और अतिरिक्त खर्च दोनों बचेंगे। लंबे समय से उठ रही यह मांग पूरी होने पर जिले में खुशी का माहौल है।
जनता ने जताया आभार
सांसद आलोक शर्मा ने रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाता रहेगा। वहीं सीहोरवासियों ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए सांसद के प्रयासों की सराहना की है। रेलवे द्वारा जल्द ही ट्रेन के ठहराव की प्रभावी तिथि और समय सारिणी जारी किए जाने की उम्मीद है।