सीहोर। भोपाल के मिसरोद में साध्वी रंजना से जुड़े विवाद के बाद पाटीदार समाज के युवाओं पर की गई पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में शनिवार को सीहोर जिला पाटीदार समाज ने हुंकार भरी। बड़ी संख्या में समाजजन गले में सनातनी दुपट्टा पहनकर सडक़ों पर उतरे और अनोखे अंदाज में रामधुन गाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और दर्ज एफआईआर को निरस्त करने की मांग की गई।
पाटीदार समाज के मनोज गुजराती ने बताया कि बीती 25 फरवरी को भोपाल के मिसरोद क्षेत्र में साध्वी रंजना के साथ हुए विवाद में पुलिस ने पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया है। समाज का आरोप है कि पुलिस ने केवल एक पक्ष की बात सुनकर पाटीदार समाज के युवाओं पर गैर जमानती धाराओं में केस दर्ज कर दिया।
न मेडिकल हुआ, न सुनी गई फरियाद
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आपसी विवाद में समाज के युवाओं को भी गंभीर चोटें आई थीं। उन्होंने मिसरोद थाने में इसकी शिकायत भी की, लेकिन पुलिस ने न तो घायलों का मेडिकल कराया और न ही उनकी एफआईआर दर्ज की। उल्टा अब अन्य युवाओं को भी डराया-धमकाया जा रहा है। समाज ने मांग की है कि पूरी घटना की उच्च स्तरीय जांच की जाए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई हो। समाज के युवाओं को बेवजह परेशान करना बंद हो। एकतरफा दर्ज की गई एफआईआर को तत्काल निरस्त किया जाए।
जिहादी शब्द पर भारी आक्रोश
समाजजनों ने इस बात पर भी गहरा दुख और गुस्सा जताया कि विवाद के दौरान समाज को जिहादी कहा गया और डीएनए परीक्षण जैसी अपमानजनक बातें की गईं। इसके विरोध में समाज ने एक सभा आयोजित कर निंदा प्रस्ताव भी पारित किया। पाटीदार समाज ने स्पष्ट किया कि समाज की प्रतिष्ठा के खिलाफ ऐसी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रामधुन के साथ किया प्रदर्शन
आमतौर पर नारेबाजी के साथ ज्ञापन सौंपे जाते हैं, लेकिन पाटीदार समाज ने सनातनी पहचान को प्राथमिकता देते हुए रामधुन का पाठ किया। मध्य प्रदेश पाटीदार समाज संगठन के महामंत्री नंदकिशोर पाटीदार ने ज्ञापन का वाचन किया।
ये रहे उपस्थित
इस दौरान मनोज गुजराती, रघुनंदन निगोदिया, मुकेश मास्टर साहब, राजीव गुजराती, सुभाष पाटीदार, धर्मेंद्र पाटीदार, विष्णु प्रसाद पटेल, मनोहर पाटीदार, सुरेश पाटीदार, रमेश पाटीदार, दिनेश पाटीदार, सियाराम, घनश्याम, प्यारेलाल, विष्णु बेलावत, लक्ष्मी नारायण पटेल, भगवान सिंह, श्रीनाथजी, रामनारायण, पूर्व सरपंच मनोज पाटीदार, नर्मदा प्रसाद, जिला अध्यक्ष परमानंद, अजय, जगमोहन सहित मुंगावली और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजजन मौजूद रहे।


