धर्मपुरी दोहरा हत्याकांड: घटनास्थल पर मिले 3 डंडे!

untitled 1

सीहोर। थाना सिद्धिकगंज के ग्राम धर्मपुरी में हुए भाई-बहन के सनसनीखेज हत्याकांड में एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। अब तक पुलिस की प्राथमिक जांच में 2 आरोपियों के शामिल होने की बात कही जा रही थी, लेकिन घटनास्थल से मिले साक्ष्यों ने जांच की दिशा बदल दी है। बताया जा रहा है कि मौके से तीन डंडे बरामद हुए हैं, जिससे यह आशंका गहरा गई है कि हत्या करने वालों की संख्या 2 से अधिक है।
सूत्रों के अनुसार जिस बेरहमी से 10वीं की परीक्षा देने जा रहे कुलदीप और उसकी बहन शीतल को मौत के घाट उतारा गया, उसमें तीन अलग-अलग डंडों का इस्तेमाल होने के संकेत मिले हैं। ऐसे में यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या मुख्य आरोपी हरिसिंह और उसके पुत्र हेमंत के साथ कोई तीसरा शख्स भी वहां मौजूद था जिसने मासूमों पर वार किए, इसके अलावा घटनास्थल पर और कौन-कौन मौजूद था, यह अब पुलिस के लिए गहन जांच का विषय बन गया है।
परीक्षा देने जा रहे थे भाई-बहन
बता दें शुक्रवार सुबह जगदीश मालवीय का पुत्र कुलदीप अपनी बहन शीतल के साथ बाइक से परीक्षा केंद्र जा रहा था। रास्ते में घात लगाए बैठे ताऊ हरिसिंह और चचेरे भाई हेमंत ने लाठियों से हमला कर दिया। हमले में कुलदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई को बचाने की कोशिश में शीतल को भी गंभीर चोटें आईं और उसने आष्टा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
रोंगटे खड़े करने वाला विवाद
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों भाइयों जगदीश और हरिसिंह के बीच वन भूमि के कब्जे को लेकर बरसों से विवाद चल रहा है। रंजिश की आग तब और भडक़ी जब 21 अक्टूबर 2025 को आरोपी हरिसिंह के बेटे रितेश की एक्सीडेंट में मौत हो गई। हरिसिंह इसका जिम्मेदार जगदीश के परिवार को मानता था। इसी दिन उसने जगदीश की पत्नी सीमाबाई के साथ मारपीट भी की थी, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है।