Sehore News: सीहोर। इछावर के समीप स्थित कालियादेव झरने पर प्रतिबंध के बावजूद पर्यटकों की भारी लापरवाही और नियमों के उल्लंघन को लेकर लक्ष्य टुडे द्वारा दो दिन पहले प्रमुखता से अलर्ट जारी किया गया था। इस खबर के प्रसारित होते ही प्रशासनिक अमला तत्काल हरकत में आ गया। शनिवार को इछावर एसडीएम स्वाति मिश्रा और तहसीलदार अनामिका चतुर्वेदी खुद पूरी टीम के साथ कालियादेव वॉटरफॉल के जमीनी निरीक्षण पर पहुंचीं।
लक्ष्य टुडे के अलर्ट के बाद शनिवार को इछावर एसडीएम स्वाति मिश्रा, तहसीलदार अनामिका चतुर्वेदी सहित राजस्व, पुलिस और जनपद पंचायत के आला अधिकारियों का दल कालियादेव वॉटरफॉल पहुंचा। अधिकारियों ने झरना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां तैनात मैदानी अमले से सुरक्षा व्यवस्थाओं की पूरी जानकारी ली। एसडीएम ने मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि वॉटरफॉल पर आमजन और सैलानियों के प्रवेश पर लगाए गए प्रतिबंध का शत-प्रतिशत और पूरी कड़ाई के साथ पालन सुनिश्चित कराया जाए।
चेतावनी बोर्ड भी कर रहे थे नजरअंदाज
उल्लेखनीय है कि जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और नदी-जलप्रपातों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी जल पर्यटन स्थलों पर बड़े-बड़े चेतावनी फ्लेक्स और सूचना बोर्ड लगवाए हैं। इसके बावजूद कई बेपरवाह पर्यटक नियमों को ताक पर रखकर, प्रशासन की आंख बचाकर झरने के बेहद करीब पिकनिक मनाने पहुंच रहे थे। लक्ष्य टुडे ने इस जोखिमपूर्ण स्थल पर पर्यटकों की इस जानलेवा लापरवाही को उजागर करते हुए प्रशासन का ध्यान इस ओर खींचा था।


