भोपाल नाका अब कहलाएगा राजा भोज चौराहा, 8 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का हुआ अनावरण

22 sehore photo 11

सीहोर। शहर के भोपाल नाका क्षेत्र में रविवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। नगर पालिका और परमार समाज के संयुक्त प्रयासों से यहां मालवा के महान शासक राजा भोज की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने घोषणा की कि अब इस चौराहे को राजा भोज चौराहा के नाम से जाना जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने कहा कि राजा भोज की यह प्रतिमा आने वाली पीढिय़ों को उनकी वीरता, न्यायप्रियता और शिक्षा के प्रति प्रेम की याद दिलाती रहेगी। करीब 8 फीट ऊंची यह प्रतिमा न केवल शहर की सुंदरता बढ़ाएगी, बल्कि प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक भी बनेगी।
समाज ने जताया आभार, रखी नई मांग
परमार समाज के संयोजक विजेन्द्र परमार, विमल परमार और समाजजनों ने भोपाल नाके पर प्रतिमा स्थापना के लिए स्थान उपलब्ध कराने पर नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर का आभार व्यक्त किया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान छावनी स्थित प्राचीन जगदीश मंदिर में एक भव्य सामुदायिक भवन निर्माण की मांग भी रखी गई। अनावरण के पश्चात राजा भोज मैरिज गार्डन में स्नेह भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी शामिल हुए।