बीजेपी दफ्तर के घेराव से डरी एनएसयूआई…

15 sehore photo 16

Sehore News: सीहोर। कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के हौसले जिला मुख्यालय पर पस्त नजर आए। मध्य प्रदेश कांग्रेस संगठन के बड़े नेताओं के निर्देशों के बावजूद स्थानीय एनएसयूआई कार्यकर्ता भाजपा दफ्तर का घेराव करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। संगठन ने जहां भाजपा कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन करने का फरमान जारी किया था, वहीं एनएसयूआई ने भाजपा दफ्तर से दूरी बनाए रखते हुए अटल चौक पर ही चुनाव आयोग का पुतला फूंककर अपने आंदोलन की रस्म अदायगी पूरी कर ली।
बता दें जिला मुख्यालय पर भारतीय जनता पार्टी का मुख्य जिला कार्यालय बस स्टैंड पर है। कांग्रेस संगठन के तय कार्यक्रम के अनुसार एनएसयूआई को यहीं पहुंचकर उग्र प्रदर्शन और घेराव करना था। लेकिन भाजपा दफ्तर के सामने जाने के बजाय कार्यकर्ताओं ने अटल चौक को चुना और वहीं पर पुतला दहन कर वापस लौट गए।
संगठन प्रभारी ने जारी किया था पत्र
इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि 12 जून को तैयार हुई थी। एमपी कांग्रेस के संगठन प्रभारी डॉ. संजय कामले ने एक आधिकारिक पत्र जारी कर कांग्रेस की वरिष्ठ नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन गलत तरीके से खारिज किए जाने के विरोध में एक बड़ा और उग्र आंदोलन खड़ा करने के निर्देश दिए थे।
इस पत्र में साफ तौर पर युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस को एकजुट होकर 15, 16 और 17 जून को प्रदेश के सभी जिलों में भाजपा कार्यालय का घेराव करने और उग्र प्रदर्शन करने को कहा गया था। सीहोर में आंदोलन के पहले ही दिन 15 जून संगठन के इस बड़े आदेश की हवा निकल गई और कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय तक जाने का साहस नहीं दिखा सके। हालांकि राजनीतिक गलियारों में इस डर के पीछे की वजह बीते दिनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज होने वाली एफआईआर बताई जा रही है।