पं. धीरेन्द्र शास्त्री ने उतार दिया पं. प्रदीप मिश्रा का कर्जा…!

12 sehore photo 06

सीहोर। धर्म और आस्था की नगरी सीहोर आज एक ऐसे ऐतिहासिक पल की गवाह बनी, जिसका इंतजार श्रद्धालुओं को वर्षों से था। कुबेरेश्वर धाम में चल रही भव्य शिव महापुराण कथा के बीच जब बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का आगमन हुआ तो पूरा परिसर जय श्री राम और हर हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने चिरपरिचित अंदाज और चुटीले अंदाज में दिल जीत लिया। उन्होंने पंडित प्रदीप मिश्रा सीहोर वाले महाराज की ओर संकेत करते हुए कहा हमने महाराज जी का कर्जा उतार दिया है। महाराज जी बागेश्वर धाम आए थे, अब हम यहां (कुबेरेश्वर धाम) आ गए हैं। हम किसी का कर्जा उधार नहीं रखते, आज हिसाब बराबर हो गया। उन्होंने आगे कहा कि महाराज जी (पंडित प्रदीप मिश्रा) हमसे बड़े हैं और वे जैसा करते हैं, वैसा ही हम भी करते हैं। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा वह डबरा से आए हैं तो अब हम डबरा जा रहे हैं।
पहली बार सीहोर आए बागेश्वर सरकार
यह पहला अवसर था जब बागेश्वर सरकार सीहोर की पावन धरा पर पहुंचे। कुबेरेश्वर धाम समिति के प्रवक्ता मनोज दीक्षित के अनुसारए पंडित शास्त्री ने व्यास पीठ को नमन किया। दो प्रखर सनातनी संतों के इस मिलन को देखने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
मानवता और धर्म का संगम
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हाल ही में बागेश्वर धाम में 300 निर्धन कन्याओं का भव्य विवाह संपन्न कराकर चर्चा में रहे हैं। उनकी सेवा भावना और सनातन धर्म के प्रति अटूट निष्ठा के कारण ही आज उनकी लोकप्रियता शिखर पर है। कुबेरेश्वर धाम में उनके आगमन को लेकर प्रशासन और समिति द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।