Sehore News: सीहोर। जिला मुख्यालय की राजनीति के लिए शनिवार का दिन एक ऐतिहासिक सांगठनिक बदलाव का गवाह बना। भारी खींचतान और लंबे इंतजार के बाद आखिरकार भारतीय जनता पार्टी ने सीहोर नगर को दो सांगठनिक मंडलों में विभाजित कर दिया है। शुक्रवार की आधी रात तक सर्किट हाउस में चले हाई-वोल्टेज ड्रामे और भारी मंथन के बाद शनिवार सुबह संगठन की नई तस्वीर साफ हो गई।
सूत्रों के अनुसार सर्किट हाउस में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में विधायक सुदेश राय, संभागीय संगठन प्रभारी डॉ. तेज बहादुर सिंह, जिला प्रभारी विकास वीरानी और जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा मौजूद थे। बैठक का माहौल बेहद संजीदा था। वरिष्ठ नेताओं ने दो टूक निर्देश दिए कि संगठन का काम अब और नहीं टाला जाएगा। नेताओं ने स्पष्ट कहा एक नंबर मंडल की कार्यकारिणी अभी घोषित करो और दूसरे मंडल के अध्यक्ष का नाम तत्काल भेजो, हम अभी स्वीकृत कराते हैं।
पैनल से तय हुआ सुशील ताम्रकार का नाम
बैठक के दौरान ही नगर मंडल-2 के लिए नामों का पैनल तैयार कर भोपाल भेजा गया, जिसमें सुशील ताम्रकार का नाम प्रमुखता पर था। प्रदेश नेतृत्व से हरी झंडी मिलते ही प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन ने प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की ओर से ताम्रकार की नियुक्ति का पत्र जारी कर दिया। ताम्रकार की नियुक्ति के साथ ही शहर में दो शक्ति केंद्र बन गए हैं।
सुदीप प्रजापति ने घोषित की अपनी टीम
इधर नगर मंडल-1 के अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने सवा साल का लंबा इंतजार खत्म करते हुए अपनी कार्यकारिणी की घोषणा कर दी। उनके लेटर पैड पर नगर मंडल-01 लिखा होना ही इस बात का सबसे बड़ा संकेत था कि सीहोर नगर अब दो हिस्सों में बंट चुका है।
मंडल.1 की नई कार्यकारिणी
मंडल अध्यक्ष सुदीप प्रजापति की टीम में उपाध्यक्ष संदीप कुशवाह, अक्षयराज सिंह चौहान, विजय यादव, अर्चना लखन चौरसिया, विक्की भावसार और शुभम राठौर। महामंत्री अमित नीखरा और सीमा सक्सेना। मंत्री निर्देश पाटीदार, महेंद्र मेवाड़ा, शिवम गुप्ता, अनुराग मिश्रा, हेमंत यादव और ज्योति मालवीय। अन्य दायित्व में शुभम यादव कोषाध्यक्ष, बंटी प्रजापति कार्यालय मंत्री और पवन बोयत मीडिया प्रभारी शामिल हैं।


