भाजपा नगर कार्यकारिणी में बड़ी मिस्टेक…

bjp

Sehore News : सीहोर। जिला मुख्यालय की भाजपा राजनीति में शनिवार को हुए ऐतिहासिक सांगठनिक बदलाव के बीच एक बड़ी तकनीकी चूक चर्चा का विषय बन गई है। नगर को दो मंडलों में विभाजित करने और नई टीम की घोषणा करने की हड़बड़ी में संगठन ने एक कर्मचारी को ही उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंप दी। जैसे ही यह मामला राजनैतिक गलियारों में उछला और वरिष्ठों तक पहुंचा, आनन फानन में सुधार करते हुए अब उक्त महिला कर्मचारी के पति को कार्यकारिणी में जगह दी गई है। इस बात की पुष्टि करते हुए मंडल अध्यक्ष ने कहा कि हां ऐसा हुआ था, परिवर्तन किया गया है।
बता दें कि सीहोर नगर मंडल.1 की कार्यकारिणी का इंतजार सवा साल से किया जा रहा था। शनिवार को जब अध्यक्ष सुदीप प्रजापति ने अपनी बहुप्रतीक्षित टीम घोषित की तो उसमें एक महिला को उपाध्यक्ष के रूप में शामिल किया था। घोषणा के कुछ ही देर बाद यह बात सामने आई कि वह कर्मचारी हैं। नियमों के मुताबिक कोई भी कर्मचारी किसी राजनैतिक दल के पद पर नहीं रह सकता।
हस्तक्षेप के बाद बदला गया नाम
जैसे ही यह जानकारी संगठन के प्रभारियों और जिलाध्यक्ष तक पहुंची, सियासी गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई। फजीहत से बचने के लिए संगठन ने तत्काल हस्तक्षेप किया और महिला का नाम सूची से हटा दिया गया। संतुलन बनाए रखने के लिए अब उनके स्थान पर उनके पति को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई कार्यकारिणी पर एक नजर
मंडल-1 सुदीप प्रजापति की टीम में उपाध्यक्ष संदीप कुशवाह, अक्षयराज सिंह चौहान, विजय यादव, लखन चौरसिया, विक्की भावसार और शुभम राठौर। महामंत्री अमित नीखरा व सीमा सक्सेना।
मंडल-2 सुशील ताम्रकार की कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष आशीष राजौरिया, नीवेश राठौर, रोहित यादव, हर्ष ताम्रकार, ओमप्रकाश रायकवार और वर्षा जितेन्द्र यादव। महामंत्री अंकित राठौर व नीरज यादव।