Sehore News: सीहोर। डिजिटल दुनिया की गलतफहमियां और सोशल मीडिया का नशा अब जमीनी स्तर पर गंभीर अपराधों की वजह बनने लगा है। श्यामपुर अंतर्गत सोठी जोड़ घाटपलासी रोड पर सोमवार सुबह एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया, जहां केवल इंस्टाग्राम अकाउंट हैक होने के मामूली शक में एक ड्राइवर को बीच सडक़ पर लाठी डंडों से बेरहमी से लहूलुहान कर दिया गया। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर 7 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रावनखेड़ा निवासी अनस खान का इंस्टाग्राम अकाउंट हैक हो गया था। बिना किसी तकनीकी जांच या पुख्ता सबूत के अनस ने इसका पूरा दोष ड्राइवर फारुख पर मढ़ दिया। सोमवार सुबह करीब 11.10 बजे जब फारुख अपने काम के सिलसिले में श्यामपुर आया और सोठी जोड़ घाटपलासी रोड पर नंदू प्रजापति की दुकान के पास पहुंचा तो अनस खान और मुस्ताक खान ने उसे घेर लिया।
आरोपियों ने सीधे फारुख पर हैकिंग का आरोप लगाते हुए विवाद शुरू कर दिया। जब फारुख ने इस बात से साफ इनकार किया और खुद को बेकसूर बताया तो आरोपी अपनी सनक में इस कदर अंधे हो चुके थे कि उन्होंने कुछ भी सुनने से मना कर दिया और गाली-गलौज पर उतारू हो गए।
डंडे से मारपीट
गाली गलौज का विरोध करने पर विवाद ने तुरंत हिंसक रूप ले लिया। आरोपी मुस्ताक खान ने जेब या पास में रखा लाठी-डंडा निकालकर फारुख पर हमला कर दिया। डंडे का एक बेहद जोरदार वार सीधे फारुख की नाक पर लगा, जिससे उसकी नाक की हड्डी पर गहरी चोट आई और खून बहने लगा। इसी दौरान अनस खान ने भी फारुख को दबोच लिया और उस पर थप्पड़ों व घूंसों की बरसात कर दी।
7 युवकों ने मिलकर मारा
सडक़ पर खून बहता देख वहां से गुजर रहे समीर खान नामक एक राहगीर ने इंसानियत दिखाते हुए बीच बचाव करने की कोशिश की। लेकिन आरोपियों की गुंडागर्दी का आलम यह था कि उन्होंने बीच बचाव देखकर रावनखेड़ा गांव से अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते बबला खान, शादाब खान, लईक खान, गब्बर खान और शाहरुख भी लाठियों के साथ वहां आ धमके। इन सातों युवकों ने मिलकर लहूलुहान फारुख को चारों तरफ से घेर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की। वारदात को अंजाम देने के बाद सडक़ पर दहशत फैलाते हुए सभी आरोपी पीडि़त और गवाहों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
आरोपियों को पकडऩे पुलिस टीमें बनी
घटना के बाद घायल फारुख को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी नाक का इलाज किया जा रहा है। पीडि़त की शिकायत पर श्यामपुर पुलिस ने मुस्ताक, अनस, बबला, शादाब, लईक, गब्बर और शाहरुख के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं।


