Sehore: सावधान: आज भी शहर में धूल भरी आंधी का अलर्ट…

08 sehore photo 10

Sehore News: सीहोर। शहर में मौसम के मिजाज तीखे बने हुए हैं। गुरुवार को आए धूल के भीषण गुबार के बाद मौसम विभाग ने आज (शुक्रवार) भी अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि शाम ढलते ही एक बार फिर तेज रफ्तार आंधी और हवाएं शहर को अपनी चपेट में ले सकती हैं। नतीजतन शहरवासियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
बता दें गुरुवार शाम करीब 6.30 बजे अचानक आए मौसम परिवर्तन ने पूरे सीहोर को धूल की मोटी चादर से ढंक दिया था। हालात इतने बिगड़ गए थे कि कुछ ही मिनटों में सडक़ों पर दिन में ही रात जैसा अंधेरा छा गया। इस दौरान धूल के घने गुबार के कारण सडक़ों पर विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई थी। वाहन चालकों को दिन में ही हेडलाइट जलानी पड़ी।
हाईवे पर थमी रफ्तार
नेशनल हाईवे पर धूल और हल्की बारिश के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई। महज 5 से 10 मीटर की दूरी भी साफ दिखाई नहीं दे रही थी। वहीं रेलवे ट्रैक धूल में पूरी तरह ओझल हो गएए जिससे ट्रेनों की गति पर भी असर पड़ा।
65 किमी की रफ्तार से चली हवाएं
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार गुरुवार को हवा की गति 50 से 65 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। भीषण गर्मी के कारण बने कम दबाव क्षेत्र की वजह से यह स्थिति पैदा हुई। गर्म हवा के ऊपर उठते ही ठंडी हवाओं ने तेजी से जगह ली, जिससे धूल का विशाल बवंडर उठ खड़ा हुआ।