Sehore News: सीहोर। जिला अस्पताल के पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट वार्ड में देर रात उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज के परिजन और अस्पताल के स्टाफ के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर हाथापाई और मारपीट शुरू हो गई। हंगामा इस कदर बढ़ा कि मारपीट के दौरान दोनों पक्षों के कपड़े तक फट गए। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर देर रात हुई इस झड़प से वहां भर्ती अन्य मासूम बच्चों के परिजन बुरी तरह डर गए। हालात बिगड़ते देख तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को संभाला।
बताया जा रहा है कि पीआईसीयू वार्ड में किसी बात को लेकर स्टाफ और अटेंडेंट के बीच कहासुनी शुरू हुई थी, लेकिन थोड़ी ही देर में मामला पूरी तरह बिगड़ गया और दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। इस हंगामे और मारपीट के कारण पूरे विंग में चीख-पुकार और अफरा तफरी का माहौल बन गया। वार्ड में गंभीर हालत में भर्ती अन्य छोटे बच्चों के माता-पिता और परिजन भी इस झगड़े को देखकर बुरी तरह सहम गए। अस्पताल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को फोन किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले को बढऩे से रोका।
दोनों पक्षों ने दी शिकायत
अस्पताल परिसर में हुई इस गंभीर घटना के बाद भी अभी तक पुलिस थाने में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अस्पताल स्टाफ और मरीज के परिजनों, दोनों ही पक्षों की ओर से थाने में केवल शिकायती आवेदन दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से मिले आवेदनों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
इस पूरे मामले पर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यूके श्रीवास्तव ने कहा कि पीआईसीयू विंग में हुई यह घटना बेहद गंभीर है। उन्होंने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं और पूरी जानकारी को इक_ा किया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य या दोषी सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


