Sehore News: सीहोर। शहर सहित जिले के अन्य कस्बों में सडक़ों पर बेखौफ घूमने वाले आवारा कुत्तों पर अब शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष संजीव कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने एक बड़ी पहल की है। प्राधिकरण ने जिले की सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को सडक़ों पर घूमने वाले आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभाव से विशेष अभियान चलाने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वप्नश्री सिंह ने बताया कि समाचार पत्र में प्रकाशित उज्जैन जिले की एक अत्यंत दुखद घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए यह कदम उठाया गया है। दरअसल उज्जैन की महिदपुर तहसील के देलवाड़ी गांव में एक 3 साल की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस हमले में बच्ची का चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसे 55 टांके लगाने पड़े। प्राधिकरण ने माना कि सुप्रीम कोर्ट के सख्त निर्देशों के बावजूद आवारा कुत्तों के नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं, जिसके कारण मासूम बच्चों के जीवन और भविष्य पर गंभीर संकट खड़ा हो रहा है।
राहगीरों और बच्चों के लिए बड़ा खतरा
अक्सर देखा जाता है कि सीहोर शहर और जिले के अन्य इलाकों में आवारा कुत्ते झुंड बनाकर घूमते हैं। ये कुत्ते सडक़ पर चलती गाडिय़ों, खेलते हुए बच्चों और राहगीरों के पीछे अचानक दौड़ पड़ते हैं। इससे न सिर्फ लोग डर के साए में जीने को मजबूर हैं, बल्कि दुपहिया वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा भी हर समय बना रहता है। ऐसी स्थिति में कभी भी किसी बच्चे, महिला या बुजुर्ग के साथ कोई बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है।
इन निकायों को जारी हुए निर्देश, ऐसे चलेगा अभियान
भविष्य में ऐसी किसी भी अनहोनी को रोकने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नगर पालिका परिषद सीहोर, आष्टा और भैरूंदा, इछावर, बुदनी के अंतर्गत आने वाली नगर पंचायतों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत पूरी मुस्तैदी से निरीक्षण कर सबसे पहले आक्रामक और आवारा कुत्तों को चिह्नित किया जाएगा। सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के तहत ही पूरी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पकड़े गए कुत्तों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। असाध्य रोगों से पीडि़त और आक्रामक कुत्तों का इलाज, वैक्सिनेशन कराया जाएगा और उन्हें सुरक्षित शेल्टर होम में रखने के उपाय किए जाएंगे।


