सीहोर। विदिशा लोकसभा क्षेत्र के सांसद और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान 14 मार्च को सीहोर के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में सुबह 11 बजे आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति ‘दिशा’ की महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
बैठक के दौरान जिले में संचालित केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और निर्माणाधीन विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। केंद्रीय मंत्री श्री चौहान संबंधित विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी हकीकत जानेंगे और उनके प्रभावी संचालन में आ रही बाधाओं को दूर करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी
इस उच्च स्तरीय बैठक में जिले के सभी प्रमुख विभागों के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य विकास कार्यों में तेजी लाना और यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे। प्रशासन द्वारा बैठक की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।


