सीहोर। सीहोर वासियों के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक रहा। शहर की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए रेलवे ने सीहोर स्टेशन पर अहमदाबाद-गोरखपुर और बांद्रा-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज शुरू कर दिया है। सोमवार शाम को भोपाल-सीहोर सांसद आलोक शर्मा और विधायक सुदेश राय ने ट्रेन के ड्राइवर का स्वागत कर और हरी झंडी दिखाकर इस सुविधा की औपचारिक शुरुआत की।
इस अवसर पर सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि सीहोर की जनता को प्रयागराज (अस्थि विसर्जन) या धार्मिक यात्राओं के लिए पहले भोपाल जाना पड़ता था, जिससे काफी असुविधा होती थी। अब इन ट्रेनों के ठहराव से सीहोर सीधे तौर पर मुंबई, अहमदाबाद, सूरत, प्रयागराज और बनारस जैसे बड़े औद्योगिक व धार्मिक शहरों से जुड़ गया है।
कुबेरेश्वर धाम आने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत
सांसद ने बताया कि इन ट्रेनों के रुकने से पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा सुनने आने वाले देश भर के श्रद्धालुओं को भी बड़ी राहत मिलेगी। उन्हें अब सीहोर आने के लिए अन्य साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कार्यक्रम के दौरान सांसद ने जनता को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही ओवरनाइट एक्सप्रेस के स्टॉपेज के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करेंगे।


