सीहोर। जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ रही है। शनिवार रात सीहोर मुख्यालय पर नशे में धुत पिकअप चालक द्वारा किशोरों को रौंदने की घटना अभी शांत भी नहीं हुई थी कि सोमवार रात बुधनी के पास नेशनल हाईवे 46 पर एक और भीषण हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हैं।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब आठ बजे नर्मदापुरम-भोपाल नेशनल हाईवे पर बुधनी के गडरिया नाला के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया। इस हादसे में कार सवार मनीष वर्मा निवासी मंडीदीप की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि कार में सवार अन्य साथी कृष्णकांत, देवेंद्र विश्वकर्मा और दीपेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हैं। कृष्णकांत और देवेंद्र को नाजुक हालत में होशंगाबाद रेफर किया गया है, वहीं दीपेश का उपचार जारी है।
सीहोर में ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ ने उजाड़े दो घर
इससे पहले शनिवार रात कोतवाली थाना क्षेत्र के मोतीबाबा मंदिर के पास नशे की हालत में वाहन चलाने के घातक परिणाम सामने आए। हनुमान फाटक निवासी सुनील ठाकुर ने अपनी बोलेरो पिकअप को इतनी अंधाधुंध गति से चलाया कि उसने बाइक सवार चार दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 16 वर्षीय अमित और महज 12 साल के विवेक की जान चली गई। इधर पुलिस ने आरोपी चालक सुनील ठाकुर को हिरासत में ले लिया है। मेडिकल परीक्षण में उसके अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है।


