अरोरा, मेवाड़ा, महाजन और राठौर की जुगलबंदी ने बांधा समां…

08 sehore photo 07

सीहोर। रंगों के पावन पर्व होली के उपलक्ष्य में शनिवार की शाम शहर के मुख्य बस स्टैंड पर उल्लास और भाईचारे का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर द्वारा आयोजित इस होली मिलन समारोह में शहर की राजनीतिक हस्तियों ने न केवल शिरकत की, बल्कि अपने गीतों और डांस से समारोह में चार चांद लगा दिए। स्थानीय नेताओं की जुगलबंदी और सुरों की महफिल ने वहां मौजूद हर शख्स को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
समारोह के दौरान होली के एक से बढक़र एक सदाबहार गीतों पर नेताओं का अनूठा उत्साह देखने को मिला। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा, भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन ने नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के साथ मिलकर जमकर डांस किया। राजनीति के मंच पर गंभीर नजर आने वाले इन दिग्गजों ने जब मंच पर ठुमके लगाए तो आम जनता ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
अरोरा और मेवाड़ा ने गाए गीत
इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि नेताओं ने केवल डांस ही नहीं किया, बल्कि गायकी में भी हाथ आजमाया। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा और जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने होली के पारंपरिक गीत गाकर समां बांध दिया। नेताओं के इस सहज और मिलनसार व्यवहार ने उत्सव की खुशियों को दोगुना कर दिया। फूलों और गुलाल की होली के बीच देर शाम तक जश्न का माहौल बना रहा।
पूर्व विधायक रमेश सक्सेना की उपस्थिति ने बढ़ाया गौरव
आयोजन की गरिमा उस समय और बढ़ गई जब सीहोर विधानसभा क्षेत्र के चार बार के विधायक रहे वरिष्ठ नेता रमेश सक्सेना कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने मंच से सभी शहरवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और इस सफल आयोजन के लिए नगर पालिका अध्यक्ष की सराहना की।
शहरवासियों ने उठाया आनंद
बस स्टैंड पर आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में नगरवासी और व्यापारी वर्ग भी शामिल हुआ। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर ने सभी का स्वागत किया और गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों का कहना था कि ऐसे आयोजनों से आपसी मेल जोल बढ़ता है और त्यौहार की मिठास और गहरी होती है।