Sehore News: सीहोर। भले ही नगरीय निकाय चुनावों में अभी सवा साल और विधानसभा चुनावों में करीब ढाई साल का समय बचा हो, लेकिन सीहोर की राजनीतिक गलियारों में अभी से चुनावी गोटियां बिछनी शुरू हो गई हैं। जिले में एक बार फिर सियासी धर्मांतरण यानी दल-बदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। चर्चा है कि बदलते राजनीतिक माहौल को भांपकर कई नेता जल्द ही पाला बदलने की तैयारी में हैं।
गौरतलब है कि साल 2018 से लेकर 2023 के चुनावों के बीच जिले के कई बड़े नेताओं ने अपनी पुरानी पार्टियां छोडक़र पाला बदला था। इस दल-बदल की राजनीति में कुछ नेताओं को तो मनचाहा मुकाम मिला और वे संतुष्ट रहे, लेकिन अधिकांश के हाथ सिर्फ निराशा ही लगी। वे आज भी हाशिए पर हैं।
इसके बावजूद चुनावी हवा का रुख भांपकर नेताओं ने अपनी गोटियां सेट करना शुरू कर दिया है। अंदरूनी सूत्रों की मानें तो कई असंतुष्ट और भविष्य की राह तलाश रहे नेता दूसरी पार्टियों के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में हैं। आने वाले दिनों में सीहोर सहित पूरे जिले में दल-बदल का एक नया दौर देखने को मिल सकता है, जिसने अभी से सियासी पारे को गरमा दिया है।


