संडे का सुकून की रसोई में पहुंची ‘पंचायत’ फेम सनविका, अपने हाथों से परोसा भोजन

13 sehore photo 16

Sehore News: सीहोर। जिला अस्पताल में नि:स्वार्थ भाव से संचालित हो रही संडे का सुकून की रसोई के सेवा अभियान को सोमवार को एक बेहद खास संबल मिला। पिछले 8 वर्षों से समाज सेवा में जुटी इस संस्था की रसोई के 556वें दिन मशहूर वेब सीरीज पंचायत की अभिनेत्री सनविका (रिंकी) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। सीहोर में अपनी शूटिंग की व्यस्तताओं के बीच जैसे ही उन्हें अस्पताल में चल रहे इस निरंतर भोजन वितरण की जानकारी मिली वे खुद को रोक नहीं पाईं। अभिनेत्री ने न सिर्फ संस्था के सेवा कार्यों की जमकर सराहना की, बल्कि पूरी सादगी के साथ स्वयं अपने हाथों से मरीजों और उनके परिजनों को गरमा-गरम भोजन परोसा।
भोजन वितरण के बाद भावुक और खुश नजर आईं सनविका ने कहा सीहोर शहर सच में बड़े दिल वालों का शहर है। आज यहाँ आकर मुझे असली सीहोर देखने को मिला है, जो सच में अच्छे और सच्चे दिल वाले लोगों का बसेरा है। मैं इस सुखद और आत्मीय अनुभव को जीवन भर याद रखूंगी।
सीहोर की विभूतियों से हुईं रूबरू
कार्यक्रम के दौरान टीम संडे का सुकून ने अभिनेत्री सनविका का परिचय सीहोर का गौरव बढ़ाने वाली नामचीन विभूतियों से कराया। इस मौके पर अर्जुन पुरस्कार विजेता कपिल परमार से अभिनेत्री की विशेष मुलाकात कराई गई। साथ ही दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने वाली मेघा परमार के कठिन संघर्षों पर लिखी गई प्रेरणादायक किताब द एवरेस्ट गर्ल उन्हें सौजन्य भेंट की गई।
नन्ही कवित्री ने मोहा मन
सीहोर आगमन पर स्थानीय युवाओं और व्यवसायियों ने भी अभिनेत्री का स्वागत किया। युवा उद्यमी अमित जायसवाल ने पंचगव्य द्वारा निर्मित अपना विशेष हेयर ऑयल पैक उन्हें उपहार स्वरूप भेंट किया। वहीं सतेंद्र राठौर ने उन्हें एक आकर्षक गिफ्ट हैंपर प्रदान किया। इस दौरान नन्ही कवित्री यशिका सरकार जिन्होंने अपनी पंक्तियों के माध्यम से अभिनेत्री का स्वागत किया। यशिका की कविता सुनकर सनविका इतनी प्रभावित हुईं कि उन्होंने भविष्य में भी सीहोर और इस रसोई में निरंतर आते रहने का वादा किया।
दो दिन उठाएंगी के भोजन का खर्च
सिर्फ बातों से ही नहीं, बल्कि अपने कर्मों से भी सनविका ने सीहोर वासियों का दिल जीत लिया। संडे का सुकून संस्था के पिछले 8 वर्षों से जारी अनवरत सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने अपनी ओर से इस रसोई के दो दिनों के भोजन की पूरी राशि संस्था को दान स्वरूप प्रेषित की। इस अवसर पर संस्था के सभी सदस्य, गणमान्य नागरिक और अस्पताल स्टाफ उपस्थित रहा।