शिवराज बोले- नारेबाजी मत कीजिए, मैं पक्षपात नहीं करता, मेरे लिए सब बराबर हैं

21 sehore photo 07

Sehore News: सीहोर। रविवार को इछावर के सब्जी बाजार स्थित आजाद चौक में आयोजित जनकल्याण शिविर में शामिल होने आए केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का एक अलग अंदाज देखने को मिला। जब ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेसी नेताओं ने तहसील कार्यालय के सामने केंद्रीय मंत्री का काफिला रुकवाकर उन्हें ज्ञापन सौंपना शुरू किया तो इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी।
इस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सहजता से टोकते हुए कहा नारेबाजी मत कीजिए, मैं किसी से पक्षपात नहीं करता। मेरे लिए सभी बराबर हैं। केंद्रीय मंत्री के इस बयान के बाद माहौल शांत हुआ और उन्होंने गाड़ी से उतरकर कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना।
किसानों को खाद की किल्लत, स्लॉट बुकिंग में सर्वर की समस्या
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बलवान पटेल और विदिशा लोकसभा प्रभारी ब्रिजेश पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेसी एकत्रित हुए थे। केंद्रीय मंत्री से चर्चा के दौरान ब्रिजेश पटेल ने क्षेत्र के किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इस समय क्षेत्र का किसान खाद की भारी किल्लत से जूझ रहा है। एक-एक बोरी खाद के लिए किसानों को 10 से 12 दिनों तक सोसायटियों और दुकानों के सामने कतारों में खड़ा रहना पड़ रहा है। ऑनलाइन स्लॉट बुक करने के लिए सर्वर डाउन होने की वजह से किसानों को भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है।
दशकों पुराने कॉलेज को अब तक नहीं मिला विज्ञान संकाय
ज्ञापन सौंपने के दौरान मौजूद कुछ छात्र-छात्राओं ने भी केंद्रीय मंत्री के सामने अपनी पीड़ा रखी। छात्रों ने कहा कि इछावर में कॉलेज खुले हुए दशकों बीत चुके हैं, लेकिन आज तक यहां विज्ञान संकाय शुरू नहीं हो सका है। हर साल क्षेत्र के सैकड़ों होनहार छात्र-छात्राओं को विज्ञान की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर और उनके परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है। छात्रों ने कॉलेज में जल्द से जल्द विज्ञान संकाय शुरू करने की मांग की।
वर्षों बाद भी स्टेट हाईवे पर नहीं बन पाया डिवाइडर
चर्चा के दौरान स्थानीय नागरिकों ने नगर की बदहाल यातायात और साज-सज्जा का मुद्दा भी उठाया। लोगों ने बताया कि नगर के बीच से निकले सीहोर-कोसमी स्टेट हाईवे के निर्माण के दौरान नगर परिषद ने थाना मोड़ से लेकर कृषि मंडी तक सडक़ के बीचों-बीच डिवाइडर के लिए जगह छोड़ी थी, ताकि वहां बिजली के पोल और लाइटें लगाकर शहर को सुंदर बनाया जा सके। यह जगह लंबे समय तक खाली रही, लेकिन कुछ महीनों पहले नगर परिषद ने वहां डिवाइडर बनाने के बजाय उस खाली जगह को चूरी और डामर भरकर समतल कर दिया। लोगों ने मांग की कि यहां व्यवस्थित डिवाइडर बनाकर लाइटिंग की व्यवस्था की जाए।
केंद्रीय मंत्री ने दिया आश्वासन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता की सभी मांगों को गंभीरता से सुनने के बाद केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आश्वासन दिया कि वे इन सभी समस्याओं से अवगत हो चुके हैं और इनका शीघ्र ही उचित निराकरण कराया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता, छात्र और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।