सीहोर। नगर के मंडी क्षेत्र में इन दिनों सीवेज लाइन बिछाने का काम स्थानीय रहवासियों के लिए बड़ी आफत बन चुका है। वार्ड क्रमांक 23 फ्रीगंज क्षेत्र में माता मंदिर के पास दो स्थानों पर सीवेज ठेकेदार की गंभीर लापरवाही के चलते निर्माण कार्य के दौरान पेयजल सप्लाई की मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई है। स्थिति यह है कि जब भी नलों में पानी आता है तो साफ पानी सडक़ों पर बर्बाद बहता है, जिससे पूरी सडक़ पर कीचड़ मच जाता है। वार्डवासियों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक इस पाइप लाइन को दुरुस्त नहीं किया गया है। सीवेज ठेकेदार की मनमानी और नगरपालिका के इंजीनियरों की अनदेखी का खामियाजा क्षेत्र के नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है।
बता दें सीवेज लाइन बिछाने के लिए ठेकेदार द्वारा मंडी क्षेत्र के वार्डों में बेतरतीब तरीके से सडक़ों को खोदकर छोड़ दिया गया है। लाइन डालने के बाद गड्ढों को सही तरीके से भरने और सडक़ की मरम्मत करने की जहमत नहीं उठाई गई, जिससे अब सडक़ों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के मौसम में इन गड्ढों में मिट्टी और पानी मिलकर भारी कीचड़ पैदा कर रहे हैं। टूटी सडक़ों के कारण क्षेत्र में नियमित सफाई भी नहीं हो पा रही है, जिससे हर तरफ गंदगी फैल रही है और सरकार के स्वच्छता अभियान को पलीता लग रहा है।
वाहन चालक परेशान, स्कूली बच्चों को हो रही दिक्कत
फ्रीगंज क्षेत्र में सडक़ खोदकर लाइन बिछाए एक महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन सडक़ आज भी खुदी पड़ी है। ठेकेदार ने केवल मिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी कर ली। इस वजह से सडक़ों पर बने दलदल में दोपहिया और चार पहिया वाहन लगातार फंस रहे हैं। सबसे ज्यादा परेशानी छोटे स्कूली बच्चों और पैदल चलने वाले बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें इस कीचड़ और गड्ढों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।
घर के सामने दलदल जैसी स्थिति
तरुण सूर्यवंशी, विजय सूर्यवंशी, विमला बाई, कोमल बाई ने बताया कि हमारें मंदिर के पास पाइप लाइन तोडऩे की वजह से घरों के ठीक सामने कीचड़ और गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जब नलों में पानी आता है तो टूटी पाइप लाइन के कारण समस्या और ज्यादा विकराल हो जाती है। सीवेज का यह काम बारिश के बाद शुरू किया जाना चाहिए था, लेकिन गलत समय पर काम शुरू कर हमें मुसीबत में डाल दिया गया है।
इंजीनियरों की बड़ी लापरवाही
नागरिकों का आरोप है कि नगरपालिका के जिम्मेदार इंजीनियर कभी भी सीवेज कार्य का जमीनी निरीक्षण करने नहीं आते। अफसरों की इसी अनदेखी के कारण ठेकेदार की मनमानी जारी है। वार्डवासियों ने बताया कि अब जब पाइप लाइन फूट गई है तो उसे दुरुस्त कराने में नगर पालिका के इंजीनियर भी रूचि नहीं ले रहे हैं।
पानी की बर्बादी बर्दाश्त नहीं होगी
सीवेज ठेकेदार और संबंधित इंजीनियर से बात करके क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को तुरंत दुरुस्त कराया जाएगा। किसी भी कीमत पर पानी की बर्बादी नहीं होने दी जाएगी। नागरिकों को हर संभव सुविधाएं देना और उनकी समस्याओं का निराकरण करना ही नगरपालिका प्रशासन की जिम्मेदारी है।
सुधीर सिंह, सीएमओ नगरपालिका सीहोर


