नए एएसपी चौबे ने नशेलची का अभिनय कर दिया बड़ा संदेश

19 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशे से दूरी है जरूरी जनजागरूकता अभियान के तहत सीहोर के नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे का प्रेरणादायी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सीहोर जिले में अपनी जॉइनिंग से पहले ही एएसपी डॉ. चौबे का यह जीवंत अभिनय पूरे क्षेत्र में धूम मचा रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है।
बता दें कि हाल ही में सीहोर एएसपी सुनीता रावत के तबादले के बाद विदिशा एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे को सीहोर के एएसपी पद की कमान सौंपी गई है। शनिवार को विदिशा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समारोह आयोजित कर डॉ. चौबे को विदाई दी गई, जिसके बाद वे जल्द ही सीहोर में अपना नया पदभार ग्रहण करेंगे।
अभिनय के माध्यम से युवाओं को किया आगाह
विदिशा से स्थानांतरित होकर आ रहे एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने इस शॉर्ट वीडियो में किसी पेशेवर कलाकार के बजाय खुद एक नशेलची (नशे के आदी व्यक्ति) का मुख्य किरदार निभाया है। उन्होंने अपने प्रभावशाली अभिनय के जरिए समाज को यह दिखाने का प्रयास किया है कि किस प्रकार सिर्फ एक पुडिय़ा या नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, समाज और उसके पूरे भविष्य को पल भर में तबाह कर देती है। इस संवेदनशील प्रस्तुति के अंत में उन्होंने आमजन और विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
सोशल मीडिया पर जमकर मिल रही सराहना
एएसपी का यह अनोखा वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग इसे लाइक और साझा कर रहे हैं। एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी द्वारा खाकी की गरिमा के साथ-साथ सामाजिक सरोकार के लिए खुद कैमरे के सामने आकर ऐसा अभिनय करने की लोग खुलकर सराहना कर रहे हैं।
सीहोर में नशामुक्ति अभियान को मिलेगी नई गति
मध्य प्रदेश पुलिस का नशामुक्ति अभियान सीहोर में भी लगातार जनसहभागिता के साथ आगे बढ़ रहा है। ऐसे में नवागत एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे का यह वीडियो सीहोर के युवाओं को नशे के दलदल से दूर रहकर एक स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवन अपनाने की नई प्रेरणा दे रहा है।