सीहोर। जिले में पिछले दो दिनों से जारी बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। प्राकृतिक आपदा और ओलावृष्टि से अपनी फसलों को बचाने के लिए ग्राम चंदेरी, पिपलिया और ताकीपुर के ग्रामीणों ने एक अनोखी पहल की है। किसानों ने मिलकर गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाया और भगवान कृष्ण व गोवर्धन देवता की विशेष पूजा-अर्चना की।
किसान एवं समाजसेवी एमएस मेवाड़ा के नेतृत्व में आयोजित इस पूजा में किसानों ने हाथ जोडक़र प्रार्थना की कि हे प्रभु, इस बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से हमारी मेहनत और फसलों की रक्षा करें। किसानों का मानना है कि जब संकट बड़ा हो तो ईश्वरीय शक्ति ही सहारा होती है।
इन्होंने की प्रार्थना
इस मौके पर मुख्य रूप से अचल सिंह मेवाड़ा, शेर सिंह मेवाड़ा, बाबूलाल मेवाड़ा, केसर सिंह, जितेंद्र राय सिंह, करण सिंह मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसान मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से आरती कर प्रकृति के प्रकोप से शांति की विनती की।


