बरगी हादसे के बाद जागा प्रशासन, बाबरी घाट पहुंचे एसडीएम, नाव ठेकेदार को दी सख्त हिदायत

01 sehore photo 14

सीहोर। जबलपुर के बरगी डैम में हुए भीषण क्रूज हादसे के बाद प्रशासन अब अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में एसडीएम ने अपनी टीम के साथ नर्मदा नदी के बाबरी घाट का औचक निरीक्षण किया। घाट पर फैली अव्यवस्थाओं और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर एसडीएम ने संबंधित ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई और सख्त लहजे में अंतिम चेतावनी दी है।
बाबरी घाट पर पहुंचने ही एसडीएम ने सबसे पहले नावों की स्थिति और उनमें मौजूद सुरक्षा उपकरणों की जांच की। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि सुरक्षा मानकों के पालन में भारी ढिलाई बरती जा रही है। एसडीएम ने ठेकेदार को निर्देशित किया कि प्रत्येक यात्री के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया जाए। नावों पर निर्धारित सवारी क्षमता का स्पष्ट अंकन हो। आपातकालीन स्थिति के लिए नाव पर लाइफ ट्यूब और अग्निशमन यंत्र हर हाल में उपलब्ध रहें।
ओवरलोडिंग पर नाराजगी
निरीक्षण के दौरान यह बात सामने आई कि घाट पर नावों के जरिए ट्रैक्टर, कार और भारी बाइक लादकर नदी पार कराई जा रही है। इस पर एसडीएम ने सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ठेकेदार को चेतावनी दी कि यदि क्षमता से अधिक सवारी या भारी वाहन नाव पर पाए गए तो न केवल ठेका निरस्त किया जाएगा बल्कि संबंधित के खिलाफ आपराधिक प्रकरण भी दर्ज होगा।
घाट पर तैनात होंगे सुरक्षाकर्मी
प्रशासनिक अमले ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए वहां सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, जिस पर आपातकालीन नंबर और सुरक्षा निर्देश लिखे हों। एसडीएम ने आश्वस्त किया कि घाट पर सुरक्षा व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी नाव संचालक यात्रियों की जान जोखिम में न डाले।