झागरिया रोड पर खेत में भडक़ी आग, गेहूं की खड़ी फसल जलकर खाक

11 sehore photo 08

सीहोर। जिले में गर्मी का पारा चढऩे के साथ ही खेतों में खड़ी फसलों पर आफत मंडराने लगी है। ताजा मामला झागरिया रोड का है, जहां आज एक खेत में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे खेत में फैल गई, जिससे कटाई के लिए तैयार गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई।
खेत से धुआं और आग की लपटें उठती देख बड़ी संख्या में राहगीर और आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ग्रामीणों ने अपने स्तर पर संसाधनों का उपयोग कर आग बुझाने का भरसक प्रयास किया। राहगीरों की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को चपेट में आने से बचा लिया गया।
इस सप्ताह की कई घटनाएं, किसान चिंतित
आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन जिले में इस सप्ताह आगजनी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले निपानिया खुर्द, मोहाली, बड़बेली, नोनी खेड़ी, ढबोटी, चार मंडली और इछावर के पास भी खेतों में आग लगने की खबरें सामने आ चुकी हैं।
प्रशासन की अपील
लगातार हो रही इन घटनाओं से किसानों में भारी चिंता देखी जा रही है। कृषि विभाग और स्थानीय प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे बीड़ी-सिगरेट या बिजली के ढीले तारों जैसी छोटी लापरवाहियों के प्रति सतर्क रहें, क्योंकि हल्की सी चिंगारी पूरी मेहनत की फसल को बर्बाद कर सकती है।