सीहोर। जिला प्रभारी एवं पालक मंत्री कृष्णा गौर के बंगले पर मंगलवार को सीहोर भाजपा की पहली कोर कमेटी की बैठक संपन्न हुई। प्रदेश कार्यालय द्वारा जिला कोर ग्रुप के गठन को लेकर जारी की गई नई गाइडलाइन ने जिले की राजनीति में नई चर्चाएं छेड़ दी हैं। इस बार कोर कमेटी का स्वरूप पहले से काफी अलग नजर आने वाला है।
प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार इस बार जिला कार्यकारिणी के महामंत्रियों को कोर कमेटी में स्थान नहीं दिया गया है। इसका सीधा असर वर्तमान महामंत्री पंकज गुप्ता, जितेंद्र गौड़ और तारा कटारिया पर पड़ेगा, जिनके लिए कमेटी के दरवाजे बंद हो गए हैं। पिछली कार्यकारिणी तक महामंत्रियों को इस ग्रुप का हिस्सा माना जाता था।
इन दिग्गजों के हाथ में जिले की राजनीति
नई गाइडलाइन के अनुसार कोर ग्रुप में केवल विशिष्ट पदों पर आसीन व्यक्तियों को ही शामिल किया गया है। अब सीहोर जिले की भाजपा राजनीति इन प्रमुख चेहरों के इर्द-गिर्द घूमेगी, जिनमें सांसद शिवराज सिंह चौहान, आलोक शर्मा और महेंद्र सिंह सोलंकी। विधायक सुदेश राय, रमाकांत भार्गव, करण सिंह वर्मा और गोपाल सिंह इंजीनियर। पूर्व जिलाध्यक्ष सीताराम यादव विदिशा जिला प्रभारी होने के नाते और रवि मालवीय निवर्तमान जिलाध्यक्ष के नाते इस ग्रुप का हिस्सा रहेंगे। वर्तमान जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा इस कमेटी की कमान संभालेंगे।
बैठक में संगठनात्मक विषयों पर मंथन
प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर की मौजूदगी में हुई इस पहली बैठक में आगामी कार्यक्रमों और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में स्पष्ट किया गया कि नई गाइडलाइन का उद्देश्य निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और विशिष्ट बनाना है।


