कलेक्टर-एसपी की सुपर प्लानिंग, शांतिपूर्ण संपन्न हुआ रुद्राक्ष महोत्सव

22 sehore photo 08

सीहोर। जिला प्रशासन और पुलिस की सटीक रणनीति और मुस्तैदी के चलते कुबेरेश्वर धाम में आयोजित सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव 14 से 20 फरवरी तक भव्यता के साथ संपन्न हो गया। लाखों श्रद्धालुओं की आमद के बावजूद कलेक्टर बालागुरू के. और पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला के कुशल नेतृत्व में पूरा आयोजन सुव्यवस्थित रहा और कहीं भी जाम या अव्यवस्था की स्थिति निर्मित नहीं हुई।
महोत्सव को सफल बनाने के लिए कलेक्टर और एसपी ने टीम वर्क की मिसाल पेश की। कलेक्टर बालागुरू के. के निर्देशन में जिला प्रशासन ने पेयजल, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं के पुख्ता इंतजाम किए, वहीं एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के लिए अचूक घेराबंदी तैयार की। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं आयोजन स्थल का लगातार निरीक्षण किया, जिससे मैदानी स्तर पर तैनात अमला पूरी तरह मुस्तैद रहा।
सुरक्षा का अभेद्य चक्र, 1400 जवानों की तैनाती
सुरक्षा की दृष्टि से एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने लगभग 1400 पुलिसकर्मियों का बल तैनात किया था। कथा पंडाल, भोजनशाला और पार्किंग स्थलों पर पुलिस की पैनी नजर रही। सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के जरिए भीड़ पर सतत निगरानी रखी गई। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस का व्यवहार अत्यंत संवेदनशील रहा।
बेमिसाल रहा ट्रैफिक मैनेजमेंट
भोपाल-इंदौर हाईवे पर यातायात को सुचारु रखने के लिए कलेक्टर और एसपी द्वारा तैयार किया गया विशेष ट्रैफिक प्लान मील का पत्थर साबित हुआ। आवश्यकतानुसार डायवर्जन और व्यवस्थित पार्किंग के कारण हाईवे पर वाहनों का आवागमन सुगम रहा। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की इस कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा की मुक्त कंठ से सराहना की है।