एएसपी सुनीता रावत को मिला वृद्ध महिला का आशीर्वाद…

22 sehore photo 07

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में आयोजित सात दिवसीय रुद्राक्ष महोत्सव का भव्य और निर्विघ्न समापन हुआ। इस वर्ष पुलिस-प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्थाओं से श्रद्धालु इतने संतुष्ट नजर आए कि समापन के मौके पर एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया।
महोत्सव के अंतिम दिन एक वृद्ध महिला विशेष रूप से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत के पास पहुंची। महिला ने पिछले वर्षों की कुछ दिक्कतों को याद करते हुए इस बार की व्यवस्थाओं की जमकर तारीफ की। जब एएसपी रावत ने उनसे पूछा कि इस बार तो कोई दिक्कत नहीं हुई, जिस पर बुजुर्ग महिला ने मुस्कुराते हुए एएसपी सुनीता रावत को आशीर्वाद दिया और कहा नहीं, बिल्कुल नहीं। इस बार तो एक नंबर व्यवस्था रही। बहुत अच्छा काम किया आपने, मैं बहुत खुश हूं। हर साल ऐसी ही व्यवस्था रखना।
1400 पुलिसकर्मियों की मेहनत लाई रंग
बता दें कि 14 से 20 फरवरी तक चले इस महोत्सव को सफल बनाने के लिए लगभग 1400 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का बल तैनात किया गया था। चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम से निगरानी रखी गई। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस बल ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाई।
बेमिसाल ट्रैफिक और सुरक्षा प्रबंधन
भोपाल-इंदौर हाईवे पर विशेष ट्रैफिक प्लान और पार्किंग स्थलों के सटीक निर्धारण के कारण लाखों की भीड़ के बावजूद कहीं भी जाम की स्थिति नहीं बनी। वरिष्ठ अधिकारियों के सतत निरीक्षण और टीम वर्क के कारण यह विशाल आयोजन बिना किसी अप्रिय घटना के संपन्न हुआ। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की इस कार्यकुशलता की अब चारों ओर सराहना हो रही है।