सीहोर। शहर को आधुनिक, स्वच्छ और तकनीकी रूप से विकसित बनाने की दिशा में नगर पालिका परिषद द्वारा उठाया गया कदम अब जमीन पर दिखने लगा है। शहर के विकास को एक नई डिजिटल पहचान देते हुए अब एलईडी स्क्रीन्स के माध्यम से नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे चहुंमुखी विकास और जनहितैषी कार्यों को सीधे जनता के सामने प्रदर्शित किया जा रहा है। नपा अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर की इस अनूठी पहल से शहर अब स्मार्ट सिटी की तर्ज पर पूरी तरह हाईटेक और आधुनिक नजर आने लगा है।
बता दें शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए पिछले दिनों नगर पालिका द्वारा शहरभर से अवैध और बड़े-बड़े होर्डिंग्स हटाने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया था। नपा के इस फैसले का पूरे शहरवासियों ने दिल खोलकर स्वागत किया था। इस मुहिम की सबसे खास बात यह रही कि शहर की सुंदरता के लिए सबसे पहले खुद नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर का होर्डिंग्स हटाया गया था। अब शहर से लोहे के भारी-भरकम होर्डिंग्स और फ्लेक्स हटने के बाद चौराहों पर डिजिटल एलईडी स्क्रीन लगा दी गई हैं, जिससे शहर की खूबसूरती में चार चांद लग गए हैं।
इन प्रमुख चौराहों पर लगीं हाईटेक स्क्रीन
नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर की पहल पर वर्तमान में शहर के प्रमुख स्थानों जैसे नदी चौराहा, तहसील चौराहा, भोपाल नाका और बस स्टैंड पर हाईटेक एलईडी स्क्रीन चालू कर दी गई हैं। आने वाले समय में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर भी ये डिजिटल स्क्रीन लगाई जाएंगी।
इन स्क्रीन्स के माध्यम से शहर के नागरिकों को नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की लाइव झलकियां देखने को मिल रही हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और आपातकालीन सूचनाओं की जानकारी तुरंत मिल रही है। स्वच्छता अभियान, यातायात व्यवस्था और सामाजिक जागरूकता के संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही इस पर प्राइवेट विज्ञापन भी देखे जा सकेंगे, जिससे डिजिटल संचार मजबूत होगा।
सीहोर को प्रदेश का आदर्श शहर बनाएंगे
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने इस सौगात पर खुशी जताते हुए कहा सीहोर शहर को नई तकनीक से जोडऩा और उसे सुंदर, स्वच्छ व व्यवस्थित बनाना हमारी पहली जिम्मेदारी है। शहर के विकास कार्यों को पारदर्शी तरीके से जनता तक पहुंचाने के लिए यह एलईडी स्क्रीन एक बड़ा माध्यम बन रही हैं। नागरिकों के सहयोग से सीहोर को मध्य प्रदेश के आदर्श शहरों में शामिल किया जाएगा और विकास कार्यों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।


