सीहोर। मालवा के गौरव और परमार वंश के प्रतापी शासक महाराजा भोज की भव्य प्रतिमा का आज दोपहर 12 बजे भोपाल नाका चौराहे पर अनावरण किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर अब इस चौराहे को आधिकारिक रूप से राजा भोज चौराहा के नाम से जाना जाएगा, जिसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने बोर्ड भी लगा दिया है।
नगर पालिका परिषद और परमार समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में प्रदेश की प्रभारी मंत्री कृष्णा गौर, स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा मुख्य रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में विधायक सुदेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा और नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। पिछले 15 दिनों से पार्षद हेमलता विजेंद्र परमार और आयोजन समिति द्वारा घर-घर पीले चावल बांटकर नगरवासियों को आमंत्रित किया गया है।
विद्वत्ता और न्यायप्रियता के प्रतीक थे राजा भोज
इतिहास के पन्नों में राजा भोज एक कुशल योद्धा के साथ-साथ महान विद्वान भी रहे हैं। उन्होंने धार में भोजशाला जैसे शिक्षा केंद्र की स्थापना की और भोपाल के प्रसिद्ध बड़ा तालाब जैसे जल प्रबंधन के अद्भुत नमूने पेश किए। नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बताया कि यह प्रतिमा आने वाली पीढय़िों को राष्ट्रभक्ति और कला के प्रति प्रेम की प्रेरणा देगी।
स्नेह भोज का आयोजन
प्रतिमा अनावरण के पश्चात मुरली स्थित राजा भोज मैरिज गार्डन में भव्य स्नेह भोज का आयोजन किया गया है। आयोजन समिति और व्यवस्थापक विमल परमार ने सभी नागरिकों से इस ऐतिहासिक गौरवशाली पल का साक्षी बनने की अपील की है।


