भोपाल गैंगरेप कांड के तार सीहोर से जुड़े…खाकी भी दागदार

13 sehore photo 06

सीहोर। राजधानी भोपाल के खानूगांव में 11वीं की नाबालिग छात्रा के साथ हुए सनसनीखेज गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस घिनौनी वारदात के तार सीहोर से भी जुड़ गए हैं। पुलिस रिमांड पर चल रहे आरोपी मोहम्मद माज खान की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मुख्य थार कार को आष्टा के एक गांव से बरामद किया है। आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए इस गाड़ी को यहां लाकर छिपा दिया था। हालांकि कार की जब्ती के मामले में स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।
एसआईटी की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ओसाफ अली खान ने छात्रा के साथ एक नहीं, बल्कि चार अलग-अलग लग्जरी कारों में दुष्कर्म किया था। इन सभी कारों का इंतजाम माज खान ही करता था। वारदात के बाद माज ने थार गाड़ी को सीहोर के एक ग्रामीण इलाके में डंप कर दिया था, जिसे पुलिस ने अब जब्त कर लिया है। इसके अलावा तीन अन्य लग्जरी कारें भी पुलिस के कब्जे में हैं।
छुरा और आम्र्स एक्ट का इजाफा
गुरुवार को पुलिस आरोपी माज खान को खानूगांव स्थित घटनास्थल पर तस्दीक के लिए ले गई। जांच में पता चला है कि आरोपी ओसाफ अपनी कार में हमेशा एक तेज धार वाला छुरा रखता था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। इस आधार पर आरोपियों के खिलाफ अब आम्र्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ा दी गई हैं। सीडीआर रिपोर्ट से भी पुष्टि हो गई है कि घटना के वक्त दोनों आरोपी एक साथ एक ही लोकेशन पर मौजूद थे।
50 हजार में बिका पुलिसवाला
इस मामले में पुलिस की मिलीभगत सामने आई है। कोहेफिजा थाने के प्रधान आरक्षक ज्ञानेंद्र द्विवेदी को सस्पेंड कर दिया गया है। आरोप है कि उसने आरोपी माज खान के साथ होटल में लंच किया और गिरफ्तारी से बचने के लिए उसे पुलिस की हर गोपनीय सूचना दी। इस गद्दारी के बदले सिपाही को 50 हजार रुपये दिए गए थे।
आईफोन को लेकर गुमराह कर रहा आरोपी
जिस आईफोन से आरोपी ने छात्रा का अश्लील वीडियो बनाया और फिर उसे ब्लैकमेल कर 40 हजार रुपये वसूले, वह अब तक बरामद नहीं हुआ है। माज का दावा है कि उसने अजमेर में पकड़े जाने के डर से मोबाइल तोडक़र जंगल में फेंक दिया था। एसीपी अंकिता खातरकर के नेतृत्व में गठित 4 सदस्यीय एसआईटी अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इन दरिंदों ने किसी अन्य छात्रा को भी अपना शिकार बनाया है।