सीहोर। जिले स्थित रेहटी (सलकनपुर) आश्रम के संचालक और श्री पंच अग्नि अखाड़े के महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी महाराज एक बड़े विवाद में घिर गए हैं। राजस्थान की रहने वाली एक युवती ने उन पर कई वर्षों तक दुष्कर्म के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीडि़ता ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को ई.मेल भेजकर अपनी जान का खतरा बताते हुए तत्काल सुरक्षा की मांग की है।
पीडि़ता ने अपने ई.मेल में आपबीती सुनाते हुए कहा है कि उत्तम स्वामी ने धर्म और आस्था की आड़ में उसका तब से यौन शोषण किया जब वह नाबालिग थी। युवती का आरोप है कि आरोपी ने प्रभाव का इस्तेमाल कर उसे डराया-धमकाया और कई स्थानों पर उसके साथ गलत काम किया। पीडि़ता के अनुसार उनके पास इन आरोपों को सिद्ध करने के लिए पुख्ता सबूत मौजूद हैं और वह अब कानून की मदद लेना चाहती है।
सुरक्षा की गुहार
दिल्ली पुलिस को भेजे गए पत्र में युवती ने लिखा है कि जैसे ही आरोपी को कानूनी कार्रवाई की भनक लगीए उसे और उसके परिवार को धमकियां मिलनी शुरू हो गई हैं। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि उत्तम स्वामी के करीबी लोग उस पर समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं और उसकी जासूसी की जा रही है। युवती ने अपनी पहचान गोपनीय रखने और 24 घंटे पुलिस सुरक्षा देने का अनुरोध किया है ताकि साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न हो सके।
मुख्यमंत्री से नाराजगी को लेकर आए थे चर्चा में
बता दें कि उत्तम स्वामी महाराज हाल ही में सीहोर के सलकनपुर स्थित अपने उत्तम सेवाधाम आश्रम में आयोजित शरद पूर्णिमा महोत्सव के दौरान चर्चा में आए थे। उस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के न पहुंचने पर महाराज ने मंच से तीखी नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि जिसके पास सेवा प्रकल्प के लिए 2 घंटे का समय नहीं, वह हमारे मंच पर नहीं चाहिए।
बाद में मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जुडक़र सार्वजनिक रूप से महाराज से माफी मांगते हुए कहा था कि महाराज जी, हम तो आपके बच्चे हैं, आप ही ने राज-काज में लगाया है।


