सीहोर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव गुजराती ने सीहोर शहर की जर्जर सडक़ों और प्रशासनिक अनदेखी को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार, स्थानीय विधायक और सांसद पर निशाना साधा है। इसके साथ ही उन्होंने सीहोर नगरपालिका अध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर द्वारा दो दिन पहले लोक निर्माण विभाग दफ्तर पहुंचकर मंडी क्षेत्र की सडक़ की दुर्दशा उजागर करने के कदम का समर्थन करते हुए उन्हें बधाई दी है।
गुजराती ने कहा कि देर से ही सही नपाध्यक्ष ने अपनी ही सरकार और जनप्रतिनिधियों को विकास के दावों की जमीनी हकीकत का आईना दिखाया है। हालांकि अब कांग्रेस और शहर की जनता को इस मुद्दे पर नपाध्यक्ष प्रिंस विकास राठौर के अगले कदम और रिस्पांस का इंतजार है।
28 करोड़ की सडक़ 6 महीने भी नहीं टिकी
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि करीब 28 करोड़ रुपये की लागत से बनी श्यामपुर सडक़ निर्माण के महज 6 महीने भीतर ही उखड़ गई। इतने बड़े भ्रष्टाचार के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। राजीव गुजराती ने सवाल उठाया कि नपाध्यक्ष केवल 4 किलोमीटर सडक़ की बात क्यों कर रहे हैं, बाकी की 24 किलोमीटर सडक़ का क्या होगा। फोरलेन का सपना देखने वाली जनता को रोजाना इस यातना से मुक्ति कब मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नपा को अपने हिस्से की सडक़ और एमपीआरडीएस को अपने हिस्से का जीर्णोद्धार तुरंत कराना चाहिए। साथ ही हाउसिंग बोर्ड से फंदा तक बन रही 40 करोड़ की सडक़ की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े किए।
हैंडओवर और नई डामरीकरण सडक़ों का भी बुरा हाल
गुजराती ने बताया कि पीडब्ल्यूडी से नपा को हैंडओवर हुई 6 प्रमुख सडक़ें देखरेख के अभाव में खस्ताहाल हैं। कोतवाली ढाल से लीसा टॉकीज और एमपीईबी चौराहे पर दो महीने पहले हुआ डामरीकरण भी उखडऩे लगा है। उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस ने श्यामपुर रोड के लिए पदयात्रा निकाली, प्रदर्शन किए और सोई सरकार को जगाने के लिए कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने मुंडन तक करवाया।
दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हो सख्त कार्रवाई
गुजराती ने कहा कि नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर की हिम्मत सराहनीय है, लेकिन बात सिर्फ बयानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने भाजपा विधायकों और सांसदों से दलगत राजनीति से ऊपर उठकर घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों और लापरवाह अफसरों पर तुरंत एफआईआर दर्ज कराने और सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती की इस सियासी बधाई के बाद अब नगर पालिका अध्यक्ष व बीजेपी नेता प्रिंस विकास राठौर का जवाब आना शेष है।


