@सीहोर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सीहोर नगर पालिका द्वारा इस वर्ष भी एक विशाल और भव्य सेवा एवं विकास उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर के नेतृत्व में 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह आयोजन केवल उत्सव तक सीमित न रहकर पूरे एक माह तक चलेगा, जिसमें शहर को कई नए विकास कार्यों की सौगात मिलेगी।
आयोजन श्रृंखला का मुख्य और सबसे आकर्षण केंद्र 17 सितंबर, गुरुवार को शाम 6.30 बजे सीवन नदी तट पर आयोजित होने वाला आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम रहेगा। इस पावन अवसर पर पूरा सीवन नदी तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा, जहां हजारों की संख्या में शहरवासी एकत्र होकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु जीवन और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करेंगे। नगर पालिका प्रशासन द्वारा इस भव्य दीपोत्सव के लिए तट पर सभी आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
हर वार्ड की होगी भागीदारी
नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार, सभी पार्षदों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर महीने भर चलने वाले अभियानों की रूपरेखा तय की है।
वार्ड स्तर पर कार्यक्रम
सभी पार्षदों को अपने-अपने वार्डों में नागरिकों की सहभागिता के साथ सामाजिक और जनहितैषी गतिविधियां आयोजित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भूमिपूजन और लोकार्पण
शहर में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों को इस उत्सव से जोड़ा गया है। इस दौरान पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण होगा और नए विकास कार्यों का भूमिपूजन कर नागरिकों को समर्पित किया जाएगा।
सीहोर में भी बढ़ेगी विकास की रफ्तार
आयोजन की जानकारी देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में आज भारत विश्व पटल पर एक सशक्त और स्वाभिमानी राष्ट्र के रूप में उभर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीहोर के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही हमारा मुख्य ध्येय है। पीएम मोदी जी के जन्मदिन पर आयोजित यह एक माह का विकास उत्सव सीहोर को नई ऊंचाई देने का काम करेगा। हमारा प्रयास है कि शहर का हर वार्ड और हर नागरिक इस जनसेवा के महायज्ञ से जुड़े।
सीएमओ सुधीर कुमार ने बताया कि नगर पालिका का पूरा अमला और जनप्रतिनिधि मिलकर इन कार्यक्रमों को ऐतिहासिक बनाने में जुटे हुए हैं, जिससे शहर में विकास और स्वच्छता का नया संदेश दिया जा सके।


