#सीहोर। शहर के सियासी गलियारों में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता गौरव सन्नी महाजन के समर्थकों ने अचानक मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर समर्थकों द्वारा शेयर किया जा रहा एक पोस्टर इस वक्त सीहोर की राजनीति में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्टर में गौरव सन्नी महाजन की तस्वीर के साथ जनसेवक लिखा हुआ है। इसके साथ ही समर्थकों द्वारा एक जोरदार स्लोगन भी लिखा गया है… जनता की तैयारी है, सन्नी महाजन की बारी है, टीम गौरव सन्नी महाजन।
इस पोस्टर के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर भी शुरू हो गया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि समर्थकों द्वारा समय से पहले ठोंकी गई यह ताल पता नहीं क्या गुल खिलाएगी।
भाजपा का पुराना घराना
बता दें गौरव सन्नी महाजन सीहोर में भारतीय जनता पार्टी के उन चुनिंदा पुराने घरानों में से एक हैं, जिनका नाता उस दौर से रहा है जब भाजपा अपनी शुरुआती जमीन तैयार कर रही थी। संघर्ष के दौर से संगठन और विचारधारा से जुड़े रहने के बावजूद वरिष्ठ नेता गौरव सन्नी महाजन को पार्टी की ओर से चुनाव में सीधा मौका नहीं मिल सका।
निर्दलीय लडक़र भी दिखाया था जनाधार
पार्टी से टिकट न मिलने के बावजूद सन्नी महाजन दो बार विधानसभा चुनाव के मैदान में बतौर निर्दलीय प्रत्याशी उतर चुके हैं। चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो उनके मजबूत जनाधार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक चुनाव में उन्हें 19 हजार और दूसरे चुनाव में 25 हजार से अधिक वोट हासिल हुए थे।


