जमोनिया रोड पर दो बाइकों की टक्कर में 2 युवकों की मौत, स्टेशन के पास ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला

20 sehore photo 05

सीहोर। रविवार को हुए दो अलग-अलग सडक़ हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला भीषण हादसा जमोनिया रोड पर ऋषभ वाटिका के सामने हुआ, जहां दो मोटरसाइकिलों की सीधी भिड़ंत में दो युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरा हादसा रेलवे स्टेशन के पास घटित हुआ, जहां एक ट्रक ने बुजुर्ग को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार जमोनिया रोड पर स्थित ऋषभ वाटिका के सामने दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में रितेश ठाकुर पिता लक्ष्मीनारायण उम्र 20 वर्ष निवासी जमोनिया टैंक और इमरान खान करीब उम्र 35 वर्ष निवासी सैकड़ाखेड़ी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के वक्त वाहनों की गति काफी तेज थी, जिससे दोनों चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
रेलवे स्टेशन के पास ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला
दूसरा हादसा सीहोर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 2 के पास स्थित रेक प्वाइंट के समीप हुआ। यहां नेहरू कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय विजेंद्र शर्मा किसी काम से जा रहे थे, तभी एक अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में ट्रक विजेंद्र शर्मा के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनके शरीर के एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। घायल बुजुर्ग को तत्काल गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया।