Sehore: बड़बोले पटवारी पर हो कठोर कार्रवाई: शर्मा

11 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। इछावर में पदस्थ पटवारी ऋषि यादव का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब यह मामला पूरी तरह गरमा गया है। जिला कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने बयान जारी कर इस ‘बड़बोले’ पटवारी पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस प्रवक्ता ने पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने और उसकी अकूत संपत्ति की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग सीहोर जिला प्रशासन से की है।
कांग्रेस प्रवक्ता पंकज शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों एक भाजपा नेता और पटवारी ऋषि यादव का बातचीत का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। इस ऑडियो में पटवारी कथित तौर पर नशे की हालत में पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं और अपने ही राजस्व विभाग के उच्च अधिकारियों के बारे में बेहद अनर्गल और आपत्तिजनक बातें करता सुनाई दे रहा है। इतना ही नहीं ऑडियो में पटवारी स्वयं को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए यह धौंस जमा रहा है कि कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता, क्योंकि वह पहले भी कई बार नौकरी से अनुपस्थित रहा है।
दिग्गज नेताओं के क्षेत्र में पटवारियों की मनमानी
पंकज शर्मा ने सरकार और प्रशासन को घेरते हुए कहा कि इछावर क्षेत्र देश के कद्दावर नेता शिवराज सिंह चौहान संसदीय और प्रदेश के राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा का गृह क्षेत्र है। जब इतने बड़े नेताओं के प्रभाव वाले क्षेत्र में ही पटवारी जनप्रतिनिधियों और आम जनता से ऐसा अभद्र व्यवहार कर रहे हैं तो पूरे मध्य प्रदेश के हालात क्या होंगे, इसका सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
गृह तहसील में जमे पटवारियों को हटाने की मांग
कांग्रेस प्रवक्ता ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिले में कई पटवारी वर्षों से अपनी गृह तहसील के वे मूल निवासी हैं और एक ही हल्के में जमे हुए हैं। लंबे समय तक एक ही जगह टिके रहने के कारण ये पटवारी अपनी मनमानी चलाते हैं, जिससे आम जनता और गरीब किसान दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। विभागीय स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई न होने से इन भ्रष्ट और लापरवाह कर्मचारियों के हौसले बुलंद हैं। शर्मा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अपनी गृह तहसील और वर्षों से एक ही हल्के में पदस्थ सभी पटवारियों का तत्काल तबादला किया जाए, ताकि उनकी मनमानी पर अंकुश लग सके और पीडि़त किसानों व आम नागरिकों को राहत मिल सके।