40 करोड़ की सडक़ पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, जिलाध्यक्ष ने लगाया भ्रष्टाचार का आरोप

09 sehore photo 15

Sehore News: सीहोर। पुराने भोपाल-इंदौर मार्ग पर निर्माणाधीन सडक़ को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत ग्राम पचामा के पास बन रही इस सडक़ के निर्माण कार्य में भारी लापरवाही और सीधे तौर पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की घटिया गुणवत्ता और विभाग की योजना पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि इस परियोजना में जनता की गाढ़ी कमाई के पैसे का खुलेआम दुरुपयोग किया जा रहा है।
ग्राम पचामा के पास सडक़ किनारे एक बिजली के ट्रांसफार्मर और पोल के सामने खड़े होकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव गुजराती ने विभाग की अजीबोगरीब कार्यशैली को उजागर किया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार किसी भी सडक़ के चौड़ीकरण या निर्माण कार्य शुरू होने से पहले बिजली के खंभों को शिफ्ट किया जाता है और रोड लेवल का समतलीकरण होता है, लेकिन यहां विभाग की गंगा उल्टी बह रही है।
राजीव गुजराती ने आरोप लगाया यहां पहले सडक़ का बेस बनाकर उस पर डामर की एक लेयर भी बिछा दी गई है और अब इन पोल को यहां से उखाड़ा जाएगा। कोई भी समझ सकता है कि चमचमाती सडक़ बनने के बाद जब भारी मशीनों से पोल उखाड़े जाएंगे तो इस नवनिर्मित सडक़ की मजबूती का क्या हाल होगा।
धंसने लगी सडक़ और टूटीं नालियां
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बताया कि लगभग 40 करोड़ रुपये की भारी भरकम लागत से इस महत्वपूर्ण सडक़ का कायाकल्प किया जा रहा है, लेकिन इसकी गुणवत्ता इतनी घटिया है कि पहली ही मानसूनी बारिश ने विकास के दावों की पोल खोल दी है। सडक़ कई जगहों से धंसने लगी है और सडक़ के किनारे बनी नई नालियां भी अभी से टूट चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सडक़ इतनी असंतुलित और लहरदार बनी है कि तेज गाड़ी चलाने पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों पर हो कार्रवाई
राजीव गुजराती ने इस पूरे मामले को लोक निर्माण विभाग की घोर लापरवाही और सीधा भ्रष्टाचार बताया है। उन्होंने शासन से मांग की है कि इस पूरे घटिया निर्माण कार्य की तकनीकी स्तर पर निष्पक्ष जांच कराई जाए। साथ ही जनता के पैसे की इस तरह बर्बादी करने वाले संबंधित ठेकेदार और गैर-जिम्मेदार सरकारी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए।