Sehore: अरोरा के साथ नपाध्यक्ष ने किया सीसी सडक़ का भूमिपूजन

08 sehore photo 09

Sehore News: सीहोर। शहर के अधोसंरचना विकास को रफ्तार देते हुए नगर पालिका परिषद ने एक बड़ा कदम उठाया है। नगर पालिका द्वारा शहर में 2 करोड़ रुपये में मात्र 5 हजार रुपये कम (यानी 1 करोड़ 95 लाख) की भारी-भरकम लागत से बनने वाली नई सीसी रोड का विधिवत भूमि पूजन किया गया।
यह सीसी रोड नदी चौराहा से शुरू होकर लिसा टॉकीज होते हुए पांच भाई चौराहा और वहां से सीधे मनकामेश्वर मंदिर तक बनाई जाएगी। इस मार्ग के निर्माण से क्षेत्रवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सावन में श्रद्धालुओं को मिलेगी बड़ी राहत
लंबे समय से स्थानीय निवासी इस जर्जर मार्ग के कारण परेशान थे। विशेष रूप से सावन के पवित्र महीने में मनकामेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को इस खराब सडक़ के कारण भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब इस सीसी रोड के बन जाने के बाद श्रद्धालुओं और आम जनता को मंदिर तक आने-जाने में बेहतरए साफ और सुरक्षित रास्ता मिल सकेगा।
शहर का कोई क्षेत्र विकास से वंचित नहीं रहेगा
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर ने विकास को लेकर परिषद की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद का संकल्प है कि शहर के प्रत्येक क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता के साथ विकास कार्य कराए जाएं। सडक़, नाली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप हर काम को समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा प्रयास है कि शहर का कोई भी कोना विकास से अछूता न रहे।
भूमिपूजन के कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसपाल अरोरा, वार्ड क्रमांक 29 के पार्षद प्रतिनिधि सत्यनारायण वारिया, पार्षद विजेंद्र परमार, मांगीलाल मालवीय, राजेश मांझी, लोकेन्द्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।