Sehore: प्रतिबंध बेअसर, कालियादेव झरना पहुंच रहे लोग…

08 sehore photo 08

Sehore News: सीहोर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं और जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है्र लेकिन इसके बावजूद कई पर्यटक अपनी जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला इछावर के समीप स्थित प्रसिद्ध कालियादेव झरने का है, जहां प्रशासन की सख्त पाबंदी और निर्देशों के बाद भी सैलानी लगातार पहुंच रहे हैं।
बता दें संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से कलेक्टर बालागुरु के. ने जिले के सभी नदी, तालाब, डैम और वॉटरफॉल पर आमजन की आवाजाही को नियंत्रित करने के आदेश दिए हैं। विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को चौबीसों घंटे मुस्तैदी से इन संवेदनशील स्थलों पर तैनात किया गया है। ये कर्मचारी वहां पहुंचने वाले लोगों को गहरे पानी में जाने से रोक रहे हैं और सुरक्षा संबंधी निर्देश दे रहे हैं, लेकिन कालियादेव जैसे दुर्गम और जोखिमपूर्ण स्थलों पर पर्यटकों की लापरवाही भारी पड़ सकती है।
चेतावनी बोर्ड भी नजरअंदाज
प्रशासन ने कालियादेव झरने सहित जिले के प्रमुख जल पर्यटन स्थलों पर बड़े-बड़े चेतावनी फ्लेक्स और सूचना बोर्ड लगवाए हैं। इन बोड्र्स के माध्यम से साफ तौर पर जलभराव और तेज बहाव के प्रति आगाह किया गया है। इसके बावजूद लोग नियमों को ताक पर रखकर, प्रशासन की आंख बचाकर झरने के बेहद करीब पिकनिक मनाने पहुंच रहे हैं।
लापरवाही पड़ी भारी तो होगी वैधानिक कार्रवाई
कलेक्टर बालागुरु के. ने जिले के नागरिकों और बाहर से आने वाले पर्यटकों से अपील की है। उन्होंने कहा है कि वर्षाकाल के दौरान सभी अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और वॉटरफॉल या जलाशयों के आसपास अनावश्यक रूप से बिल्कुल न जाएं। प्रशासन ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि यदि कोई भी व्यक्ति नियमों का उल्लंघन कर प्रतिबंधित या खतरनाक जल स्रोतों के करीब जाता पाया गया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।