अभी से चुनावी मोड में कांग्रेस, सीहोर में आज बैठकों का महामंथन

07 sehore photo 03

Sehore News: सीहोर। मध्यप्रदेश में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को धरातल पर अजेय बनाने के लिए कांग्रेस अभी से पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में आज यानी बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा कई महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठकों का दौर शुरू किया गया है। इन बैठकों के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकने और जमीनी स्तर पर पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि संगठन को धार देने और आगामी रणनीति तय करने के लिए आज तीन बड़ी और महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जिनमें राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के दिग्गज नेता मार्गदर्शन दे रहे हैं।
श्यामपुर में पहली बैठक
दिन की पहली और सबसे महत्वपूर्ण बैठक श्यामपुर के मिलन गार्डन में आयोजित की गई। यह बैठक सीहोर विधानसभा क्षेत्र ग्रामीण को फोकस में रखकर बुलाई गई थी। इस बैठक में मुख्य रूप से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक कुणाल चौधरी उपस्थित रहे। बैठक में ग्रामीण इलाकों की स्थानीय समस्याओं, किसानों के मुद्दों और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने को लेकर गहन मंथन किया गया।
दोपहर 1 बजे डीसीसी कार्यालय में बैठक
दोपहर एक बजे जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला युवा कांग्रेस की एक बेहद अहम बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में युवाओं की कमान संभालने आ रहे मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोडऩा, बेरोजगारी के मुद्दे पर सरकार को घेरना और आगामी समय में युवा विंग को सडक़ पर संघर्ष के लिए तैयार करना है।
अल्पसंख्यक विभाग की सांगठनिक मजबूती पर चर्चा
इसके तुरंत बाद दोपहर 2 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय में ही जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की बैठक आयोजित की गई है। इस बैठक में अल्पसंख्यक समुदाय के बीच कांग्रेस की पकड़ को और मजबूत करने, समाज के अंतिम छोर तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने और सांगठनिक नियुक्तियों को लेकर चर्चा की जाएगी।
संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान
जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गुजराती ने जिले के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, मंडलम-सेक्टर प्रभारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे समय पर इन बैठकों में शामिल हों।