सीहोर के लिए सरप्राइज से कम नहीं होती विधायक-सीएम की मुलाकात….

24 sehore photo 05

Sehore News: सीहोर। विधायक सुदेश राय की कार्यशैली हमेशा से ही अपने सीहोर विधानसभा क्षेत्र की जनता को चौंकाने और उन्हें विकास कार्यों की बड़ी सौगातें देने वाली रही है। राजनीतिक गलियारों और आम जनता में यह बात अब पूरी तरह घर कर चुकी है कि सुदेश राय जब भी सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करते हैं तो निश्चित तौर पर सीहोर विधानसभा के विकास के लिए कोई न कोई बड़ा सरप्राइज लेकर ही लौटते हैं। इसी सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए मंगलवार को विधायक सुदेश राय ने राजधानी भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से एक महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद सीहोर की जनता की उम्मीदें एक बार फिर सातवें आसमान पर पहुंच गई हैं।
मंगलवार को हुई इस हाईप्रोफाइल मुलाकात के बाद सीहोर विधानसभा क्षेत्र की जनता और राजनीतिक हलकों में यह चर्चाएं तेज हो गई हैं कि विधायक सुदेश राय इस बार सीहोर के विकास के लिए कौन सा नया मास्टरप्लान या बड़ा प्रोजेक्ट मंजूर करवाकर लाए हैं। क्षेत्र के लोगों का मानना है कि विधायक की सीएम से मुलाकात का मतलब ही सीहोर के लिए कोई नई सौगात होना है।
मई के महीने में भी दे चुके हैं करोड़ों की सौगातें
गौरतलब है कि विधायक सुदेश राय क्षेत्र के विकास को लेकर लगातार जमीन पर सक्रिय हैं। पिछले महीने यानी 13 मई को भी उन्होंने सीहोर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी अंचलों को अनेक महत्वपूर्ण सौगातें दी थीं, जिसमें लाखों-करोड़ों रुपये के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण शामिल था। इसके अलावा शहर को एक साथ तीन सिद्धपुर गेटों की भव्य सौगात दी जा रही है, जिसके तहत सैकड़ाखेड़ी गेट का भूमिपूजन पहले ही संपन्न हो चुका है।
दोनों महत्वपूर्ण ओवरब्रिज निर्माण के अंतिम चरण में
बता दें सीहोर शहर के वाहन चालकों और आम जनता की सबसे बड़ी समस्या के समाधान की बात करें तो हाउसिंग बोर्ड रेलवे ओवरब्रिज और फंदा ओवरब्रिज का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरणों में है। विधायक सुदेश राय के प्रयासों से गति पकड़ चुके इन दोनों ब्रिजों की शुरुआत होने के बाद शहरवासियों को राजधानी भोपाल आने-जाने के लिए बाईपास की लंबी और थकाऊ दूरी तय नहीं करनी होगी। इससे न सिर्फ समय बचेगा, बल्कि शहर का ट्रैफिक सिस्टम भी सुगम हो जाएगा।
अब सीहोर को किसका इंतजार
मंगलवार को हुई ताजा मुलाकात के बाद अब हर तरफ सिर्फ एक ही सवाल चर्चाओं में बना है कि विधायक सुदेश राय सीहोर के लिए इस बार मुख्यमंत्री के पिटारे से क्या नया सरप्राइज लेकर आए हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि इस बार स्वास्थ्य, शिक्षा या किसी बड़े शहरी बुनियादी ढांचे को लेकर बड़ी घोषणा सामने आ सकती है। बहरहालए विधायक सुदेश राय और सीएम डॉ. मोहन यादव की इस जुगलबंदी ने सीहोर के विकास की रफ्तार को एक नई ऊंचाई दे दी है।