Sehore News: सीहोर। इंदौर-भोपाल हाईवे पर मंगलवार को उस समय अचानक खौफ का मंजर पसर गया, जब आसमान छूती आग की लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। जताखेड़ा के पास चावल से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सडक़ के बीचों-बीच पलट गया। हादसा इतना भयानक था कि ट्रक के पलटते ही उसके केबिन से निकली चिंगारी ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरा वाहन आग का गोला बन गया। इस हादसे में लाखों रुपए का चावल और ट्रक का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो गया हालांकि गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार यह ट्रक इंदौर से भोपाल की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन जताखेड़ा के समीप पहुंचा, तभी तेज रफ्तार होने के कारण चालक अचानक उस पर से नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सडक़ पर बुरी तरह लहराया और बीच हाईवे पर ही पलट गया। ट्रक के पलटते ही कुछ ही सेकेंड के भीतर इतनी तेजी से आग फैली कि हाईवे से गुजर रहे अन्य वाहन चालक भी खौफजदा हो गए। आग की उठती लपटों को देखकर पीछे आ रही गाडिय़ों के पहिए जहां के तहां थम गए और लोगों ने डर के मारे अपने वाहनों को घटनास्थल से काफी दूर रोक लिया।
केबिन से कूदकर बचाई जान
राहत की बात यह रही कि जैसे ही ट्रक पलटा चालक और क्लीनर ने मौत को सामने देख बिना एक पल गंवाए केबिन का दरवाजा खोला और बाहर की तरफ छलांग लगा दी। दोनों सुरक्षित हैं, लेकिन उनके कूदते ही आग ने पूरे ट्रक को अपनी आगोश में ले लिया। ट्रक में बड़ी मात्रा में चावल लोड था, जो इस भीषण आग की भेंट चढ़ गया। हाईवे पर उठीं आग की लपटों के कारण चारों तरफ अफरा तफरी का माहौल बन गया।
दमकल ने पाया काबू, लगा लंबा जाम
आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की गाडिय़ा मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के प्रयास किए। आग इतनी भीषण थी कि काफी मशक्कत के बाद इस पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक लाखों का माल और ट्रक मलबे में तब्दील हो चुके थे। धू-धू कर जलते ट्रक के कारण इंदौर-भोपाल हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
शुरुआती जांच के मुताबिक इस हादसे में वाहन और चावल को मिलाकर लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। लेकिन दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।


