दोराहा बना ठगी की कारों का सबसे बड़ा बाजार, यहां बेचीं 12 लग्जरी कारें

17 sehore photo 10

Sehore News: सीहोर। राजधानी भोपाल की अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने करोड़ों रुपये के हाईप्रोफाइल कार फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करते हुए एक अंतर्राज्यीय शातिर गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 3 करोड़ रुपये कीमत की 20 लग्जरी कारें बरामद की हैं। पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि इस गिरोह ने ठगी की गाडय़िों को खपाने के लिए सीहोर जिले को अपना सबसे बड़ा ठिकाना बना रखा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि सीहोर का दोराहा और उसके आसपास के गांव इस अवैध कारोबार का सबसे बड़ा गढ़ बन चुके थे। जालसाजों ने केवल इसी इलाके के रहने वाले छोटे किसानों, छात्रों और कबाड़ कारोबारियों को अपना आसान शिकार बनाया। गिरोह ने सीधे तौर पर अकेले दोराहा क्षेत्र में ही 12 कारें बेची थीं। पुलिस को यह भी इनपुट मिला है कि इन खरीदारों के जरिए कई अन्य लोगों तक भी ये गाडिय़ां पहुंचाई गई हैं, जिसकी पुलिस बारीकी से जांच कर रही है।
ज्यादा किराए का लालच देकर करते थे ठगी
पुलिस के अनुसार इस पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ जब विदिशा निवासी गौरव कुशवाह ने 13 जून को भोपाल के अरेरा हिल्स थाने में शिकायत दर्ज कराई। गौरव ने बताया कि शैलेष जोशी नाम के व्यक्ति ने उनकी कार किराए पर ली थी, लेकिन बाद में बिना उनकी जानकारी के फर्जी कागजात बनाकर उसे किसी और को बेच दिया।
साइबर सेल की मदद से जब मुख्य आरोपी शैलेष जोशी को भोपाल के अयोध्या बायपास से दबोचा गयाए तो उसने पूरे नेटवर्क का सच उगल दिया। आरोपी पहले ट्रैवल्स संचालकों और आम गाड़ी मालिकों को ज्यादा किराए का लालच देकर गाडिय़ां अनुबंध पर लेते थे। इसके बाद खुद को गाड़ी का असली मालिक बताकर फर्जी दस्तावेज और एग्रीमेंट तैयार करते थे और दोराहा जैसे ग्रामीण इलाकों में लोगों को औने-पौने दामों में बेच देते थे। कई गाडिय़ां तो बिना किसी कागजात के ही बेच दी गईं ताकि किसी को शक न हो।
ये आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे
मामले में पुलिस ने अब तक 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जिनमें शैलेष जोशी मुख्य आरोपी, वहीद अली, जयेंद्र जोशी उर्फ किट्टू, अरुण नाथ, राजा मीणा और रोहन खान शामिल हैं। इस गिरोह का एक अन्य मुख्य साथी विश्वजीत गौर और कुछ अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। पकड़े गए आरोपियों ने कबूला है कि वे इस तरह से 15 से 20 और गाडिय़ां बाजार में बेच चुके हैं।